जम्मू, हिन्दुस्थान समाचार। जम्मू कश्मीर में सोमवार को भी बारिश का सिलसिला जारी है। वहीं बारिश के कारण जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित रामबन के मेहर में भूस्खलन और मलबा गिरने के चलते यातायात ठप हो गया है। यातायात विभाग ने लोगों को मार्ग के बहाल होने तक जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर सफर नहीं करने की सलाह दी है। यातायात पुलिस ने कहा कि निकासी का काम जारी है। वहीं पुंछ को घाटी से जोड़ने वाल मुगल रोड भी बदले मौसम के चलते बंद हो गया है।
बारिश होने पर लोगों को कुछ राहत मिली
गौरतलब है कि शनिवार को जम्मू-कश्मीर के कुछ हिस्सों में बारिश शुरू हुई थी और रविवार को कई जगह धूप खिली तो दोपहर बाद प्रदेश के कई हिस्सों में झमाझम बारिश हुई। वहीं सोमवार की शुरुआत भी बारिश के साथ हुई है। इसके चलते कई जगहों पर जलभराव की स्थिति बन गई है। जम्मू-कश्मीर में लगातार हो रही बारिश के कारण तापमान में गिरावट आई है। लोगों को गर्मी से भी कुछ आराम मिला है। पिछले कुछ दिनों से पड़ रही भीषण गर्मी से लोग परेशान हो गए थे। अब बारिश होने पर लोगों को कुछ राहत मिली है।




