उदयपुर, 22 मार्च (हि.स.)। उदयपुर में सोमवार दोपहर राजसमंद जिले के रहने वाले एक व्यक्ति ने रोडवेज बस स्टाॅप पर दम तोड़ दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार वे अचानक गश खाकर गिरे और उनकी मृत्यु हो गई। जानकारी के अनुसार राजसमंद जिले के कुंवारिया निवासी 50 वर्षीय श्याम पोरवाल उदयपुर में किराने की सामग्री की खरीदारी करने आए थे। बताया जा रहा है कि कुंवारिया में उनका किराने का व्यवसाय है। उदयपुर के चेतक सर्कल के पास रोडवेज के पहाड़ी बस स्टाॅप पर वे रोडवेज बस की डिक्की में सामान रख ही रहे थे कि अचानक गिर पड़े। आसपास खड़े लोगों ने उन्हें संभाला, लेकिन उनकी मृत्यु हो गई। सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और जैसे-तैसे पता लगाकर मृतक के घरवालों को सूचित किया गया। करीब तीन बजे तक उनके घर वालों के आने का इंतजार था। हिन्दुस्थान समाचार/सुनीता कौशल/संदीप




