नई दिल्ली/रफ्तार डेस्क। देश में कैब बुकिंग के क्षेत्र में बड़ा बदलाव लाने के इरादे से ‘भारत टैक्सी’ को 1 जनवरी, 2026 से आधिकारिक तौर पर लॉन्च किया जाएगा। यह एक इनोवेटिव राइड-हेलिंग सर्विस है, जिसमें यूजर्स को कैब, ऑटो और बाइक टैक्सी बुक करने की सुविधा मिलेगी। पूरी सर्विस एक खासतौर पर डेवलप किए गए मोबाइल एप्लिकेशन के जरिए संचालित होगी। फिलहाल यह सेवा दिल्ली और गुजरात के कुछ इलाकों में बीटा वर्जन के रूप में चल रही है, जिससे इसके कामकाज और रिस्पॉन्स का अंदाजा लगाया जा रहा है।
क्या है भारत टैक्सी और क्यों है अलग?
भारत टैक्सी अन्य कैब एग्रीगेटर्स से बिल्कुल अलग सहकारी मॉडल पर काम करती है। इसमें सर्विस का मालिकाना हक किसी निजी कंपनी या निवेशकों के पास नहीं, बल्कि ड्राइवरों के पास होता है। इसी वजह से इसे ‘टैक्सी के लिए अमूल मॉडल’ भी कहा जा रहा है। इस मॉडल का मकसद ड्राइवरों को ज्यादा अधिकार देना और उनकी कमाई को सुरक्षित बनाना है, ताकि वे बिचौलियों के बिना सीधे ग्राहकों को सेवा दे सकें।
किसकी पहल है भारत टैक्सी?
भारत टैक्सी को नई दिल्ली स्थित सहकार टैक्सी कोऑपरेटिव लिमिटेड का समर्थन प्राप्त है। इसके चेयरमैन जयेन मेहता हैं, जो अमूल के मैनेजिंग डायरेक्टर भी हैं। इसके विकास और संचालन में भारत सरकार के सहकारिता मंत्रालय का सहयोग भी शामिल है। माना जा रहा है कि यह पहल भारतीय परिवहन बाजार में सहकारी मॉडल को नई मजबूती दे सकती है।
कैसे काम करेगा कमीशन-फ्री मॉडल?
भारत टैक्सी पूरी तरह कमीशन-फ्री बिजनेस मॉडल पर आधारित है। इसका मतलब यह है कि ड्राइवरों को अपनी कमाई का 80 से 100 प्रतिशत हिस्सा मिल सकेगा। अन्य कैब प्लेटफॉर्म्स की तरह भारी कमीशन नहीं काटा जाएगा। हालांकि, प्लेटफॉर्म के संचालन के लिए ड्राइवरों से एक मामूली फीस ली जाएगी, जो केवल ऑपरेशनल खर्चों के लिए होगी। यात्रियों के लिए इसका फायदा यह होगा कि सर्ज प्राइसिंग नहीं लगेगी और रोजमर्रा के रूट्स पर किराया स्थिर रह सकता है।
ऐप कैसे करें डाउनलोड और इस्तेमाल?
भारत टैक्सी ऐप गूगल प्ले स्टोर और एप्पल ऐप स्टोर पर उपलब्ध है। अभी यह बीटा टेस्टिंग फेज में है, इसलिए इसकी सेवाएं सीमित हैं। देशभर में लॉन्च के बाद ऐप का फाइनल वर्जन और फीचर्स और बेहतर हो सकते हैं। इसमें ONDC से सपोर्टेड तकनीक का इस्तेमाल किया गया है, जिससे पारदर्शिता और भरोसा बढ़ेगा।
कैब बुकिंग सेक्टर में नया विकल्प
कुल मिलाकर भारत टैक्सी को कैब बुकिंग की दुनिया में एक बड़े बदलाव के तौर पर देखा जा रहा है। ड्राइवरों के हितों को प्राथमिकता देने और यात्रियों को सस्ती, स्थिर और पारदर्शी सेवा देने का इसका दावा इसे उबर और ओला जैसे प्लेटफॉर्म्स से अलग पहचान दिला सकता है।





