नई दिल्ली, रफ्तार। टी-20 वर्ल्ड कप 2024 जीतने के 36 घंटे बाद भी टीम इंडिया बारबाडोस में फंसी है। वर्ल्ड कप फाइनल के अगले दिन टीम इंडिया वापस आना था, लेकिन तूफान बेरिल के कारण टीम भारत के लिए रवाना नहीं हो सकी। अब BCCI चार्टर्ड फ्लाइट से भारतीय क्रिकेट टीम को वापस लाएगी। टीम के ब्रिजटाउन से 3 जुलाई की सुबह 3:30 रवाना होने और बुधवार की शाम 7.45 बजे दिल्ली पहुंचने की उम्मीद है। यहां पहुंचने के बाद खिलाड़ियों को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सम्मानित करेंगे। हालांकि, उस कार्यक्रम की पुष्टि नहीं हुई है। बारबाडोस की प्रधानमंत्री मिया मोटली ने कहा है कि मैं एयरपोर्ट के स्टाफ के संपर्क में हूं। वे अब अपनी अंतिम जांच कर रहे और हम जल्द सामान्य फ्लाइट्स फिर से शुरू करना चाहते हैं।
01 जुलाई को ही लौटना था
भारतीय टीम को 01 जुलाई को भारत वापसी के लिए न्यूयॉर्क के लिए उड़ान भरनी थी। मगर, खराब मौसम के चलते टीम का शेड्यूल बाधित हुआ। रिपोर्ट में बताया गया है कि अटलांटिक में आने वाले बेरिल तूफान के चलते 210 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से हवा चल रही है। कैटेगरी 4 का यह तूफान बारबाडोस से 570 किलोमीटर पूर्व-दक्षिण पूर्व में था। इससे एयरपोर्ट पर ऑपरेशन रोके गए हैं।
29 जून को वर्ल्ड चैंपियन बनी थी इंडियन टीम
29 जून को टीम ने टी-20 वर्ल्ड कप जीता था। टीम इस टूर्नामेंट में 17 साल बाद चैंपियन बनी। भारत ने 11 साल बाद ICC ट्रॉफी के सूखे को खत्म किया। बारबाडोस के मैदान पर भारत ने फाइनल मुकाबले में साउथ अफ्रीका को 7 रनों से हराया।
ICC ने टीम ऑफ टूर्नामेंट का किया ऐलान
ICC ने टी-20 वर्ल्ड कप 2024 के लिए टीम ऑफ द टूर्नामेंट की घोषणा की है। ICC ने इस टीम में भारतीय टीम के छह खिलाड़ियों को जगह दी है। स्टार बल्लेबाज विराट कोहली को इस टीम में जगह नहीं दी गई है। वहीं, रनरअप रही साउथ अफ्रीका टीम का कोई खिलाड़ी टॉप-11 में नहीं है। एनरिक नॉर्त्या को 12वां प्लेयर चुना गया है।
अन्य खबरों के लिए क्लिक करें:– www.raftaar.in





