नई दिल्ली, रफ्तार। टीम इंडिया ने बारबाडोस स्थित केनिंग्सटन ओवल मैदान पर इतिहास रचा। टी-20 वर्ल्ड कप 2024 का खिताब जीतने के बाद कप्तान रोहित शर्मा ने टी-20 इंटरनेशनल से रिटायरमेंट का भी ऐलान किया। उन्होंने कहा कि यह फैसला लेने को इससे अच्छा समय नहीं हो सकता। रोहित ने कहा कि यह मेरा टी-20 इंटरनेशनल में आखिरी मैच था। मैंने हर उस पल का पूरा आनंद लिया, जब से मैंने इस फॉर्मेट में अपने खेल की शुरुआत की थी। मैंने टीम इंडिया से अपने कॅरियर की शुरुआत इस फॉर्मेट से की थी। अब इसी फॉर्मेट से संन्यास से अच्छा नहीं हो सकता था। मैं कप जीतना चाहता था। बता दें, साउथ अफ्रीका के खिलाफ फाइनल में जीत के साथ टी-20 इंटरनेशनल में रोहित अब पहले कप्तान हैं, जिनके खाते में 50 जीत दर्ज है। रोहित के साथ विराट कोहली ने भी प्लेयर ऑफ द मैच का अवॉर्ड मिलने के बाद इंटरनेशनल टी-20 क्रिकेट से अपने संन्यास का ऐलान किया था।
T-20 World Cup के दूसरे टॉप स्कोरर
रोहित ने 2007 में पहला T-20 वर्ल्ड कप खेला था। उसमें भी भारत जीता था। तब से रोहित ने 9 वर्ल्ड कप खेले। उन्होंने 47 मुकाबलों में 34.85 की औसत और 133.04 की स्ट्राइक रेट से 1220 रन बनाए हैं। इस दौरान 12 अर्धशतक भी लगाए। वहीं, टी-20 वर्ल्ड कप 2024 में विराट कोहली के बाद रोहित दूसरे टॉप स्कोरर हैं।
ऑस्ट्रेलिया-इंग्लैंड के खिलाफ यादगार पारियां
2024 से पहले टी-20 वर्ल्ड कप में रोहित की यादगार पारियां कम थीं। उन्होंने 2007 में साउथ अफ्रीका के खिलाफ अर्धशतक और फाइनल में पाकिस्तान के खिलाफ 30 रन बनाए थे। रोहित ने 2010 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 79 रन बनाए थे, लेकिन उनकी 2 सबसे जरूरी पारियां इस वर्ल्ड कप दिखी। रोहित ने टी-20 वर्ल्ड कप 2024 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सुपर-8 के आखिरी मैच में 41 गेंदों पर 92 रन बनाए। इस पारी ने ऑस्ट्रेलिया को टूर्नामेंट से बाहर करने की नींव रखी। उन्होंने सेमीफाइनल में इंग्लैंड के खिलाफ मुश्किल पिच पर 57 रन बनाए। रोहित ने सूर्यकुमार यादव के साथ 75 रनों की पार्टनरशिप की। यह पार्टनरशिप मैच विनिंग साबित हुई। फाइनल में रोहित 8 रन ही बना सके, लेकिन पूरे टूर्नामेंट में उनके अटैकिंग अप्रोच ने टीम को जीत की राह दिखाई।
आखिरी वर्ल्ड कप में दिया बेस्ट
रोहित 2007 से 2022 तक किसी वर्ल्ड कप में 250 से अधिक रन नहीं बनाए थे। 2014 में उन्होंने 2 अर्धशतक की मदद से 200 रन बनाए थे, जो वर्ल्ड कप कॅरियर के एक एडिशन में उनके सबसे अधिक रन थे। 2024 में रोहित ने 3 अर्धशतक जड़े और 156.7 की स्ट्राइक रेट से 257 रन बनाए। पिछले 9 वर्ल्ड कप में यह उनका बेस्ट स्ट्राइक रेट है। रोहित इस बार टूर्नामेंट के दूसरे टॉप स्कोरर भी रहे।
T-20 इंटरनेशनल के टॉप रन स्कोरर हैं रोहित
रोहित ने भारत से 159 टी-20 मैच खेले हैं। इनमें 32 की औसत और 141 की स्ट्राइक रेट से 4231 रन बनाए हैं। वह टी-20 क्रिकेट के टॉप रन स्कोरर हैं। इनमें 32 अर्धशतक और 5 शतक हैं। उनके पांचों शतक अलग-अलग 5 टीमों के खिलाफ हैं। उन्होंने आखिरी सेंचुरी इसी साल अफगानिस्तान के खिलाफ लगाई थी।
भारत को जिता चुके हैं 50 टी-20 मैच
शर्मा ने 62 टी-20 मैचों में भारत की कप्तानी की है। इनमें से 50 में टीम जीती और केवल 12 हारी है। मतलब भारत ने 81% मैचों में सफलता हासिल की। इसके साथ वह टी-20 में भारत के सबसे सफल कप्तान बन गए हैं। उनके बाद धोनी ने 72 में से 42 टी-20 में टीम को जीत दिलाई थी।
अन्य खबरों के लिए क्लिक करें:– www.raftaar.in




