नई दिल्ली, रफ्तार। ओलंपिक 2024 में भारत दो ब्रॉन्ज मेडल जीत चुका है। दोनों मेडल शूटिंग में आए हैं। अब देश को कम-से-कम एक गोल्ड की ख्वाहिश है। पूरे देश की उम्मीदें जेवलियन थ्रोअर नीरज चोपड़ा से हैं। बता दें, ओलंपिक में आज से एथलेटिक्स की शुरुआत हो गई है। भारत का एक बड़ा दल इसमें प्रतिभाग करने वाला है। बाकी खिलाड़ियों के साथ स्टार एथलीट नीरज चोपड़ा पर सबकी नजरें रहेंगी। नीरज भाला फेंक में अपने खिताब का बचाव कर भारतीय खेलों के इतिहास में नया अध्याय जोड़ना चाहेंगे। उन्हें गोल्ड मेडल जीतने का प्रबल दावेदार माना जा रहा।
8 अगस्त को मैदान में उतरेंगे चोपड़ा
आठ अगस्त को चोपड़ा गोल्ड मेडल भारत को दिलाते हैं तो वह जैवलिन थ्रो में अपने खिताब का बचाव करने वाले दुनिया के 5वें खिलाड़ी बनेंगे। वे लगातार दो गोल्ड मेडल जीतने वाले पहले भारतीय खिलाड़ी भी बन जाएंगे। इससे पहले एरिक लेमिंग (स्वीडन-1908 और 1912), जॉनी मायरा (फिनलैंड-1920 और 1924), जान जेलेजनी (चेक गणराज्य-1992, 1996 और 2000), एंड्रियास थोरकिल्डसन (नॉर्वे- 2004 और 2008) ऐसे खिलाड़ी हैं, जिन्होंने ओलंपिक की जैवलिन थ्रो में अपना खिताब बचाया था।
इस साल 3 ही टूर्नामेंट में लिया है हिस्सा
नीरज ने इस साल केवल तीन टूर्नामेंट में ही हिस्सा लिया है। इसके बाद भी पूरी संभावना है कि वे गोल्ड मेडल जीतेंगे। इसकी वजह है कि इंटरनेशनल लेवल पर उनका कोई दूसरा प्रतिद्वंदी वैसा प्रदर्शन नहीं कर पाया है, जिससे लगे कि नीरज पीछे होंगे। नीरज ने मई में दोहा डायमंड लीग में भाग लिया था। उन्होंने 88.36 मीटर के थ्रो के साथ दूसरा स्थान पाया था, जो उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है। उन्होंने ओस्ट्रावा गोल्डन स्पाइक से नाम वापस लिया। नीरज का व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 89.94 मीटर है।
अन्य खबरों के लिए क्लिक करें:- www.raftaar.in





