सर्जिकल स्ट्राइक पर सवाल उठाने वाले दिग्विजय सिंह पर जयराम रमेश ने कही ये बात

भारत जोड़ो यात्रा के दौरान कांग्रेस के राज्यसभा सदस्य दिग्विजय सिंह ने एक बार फिर सर्जिकल स्ट्राइक पर सवाल उठाया है। जयराम रमेश ने कहा कि यह बयान उनका निजी है और पार्टी इसका समर्थन नहीं करती है।
Digvijaya Singh
Digvijaya Singh

नई दिल्ली, रफ्तार डेस्क। भारत जोड़ो यात्रा के दौरान कांग्रेस के राज्यसभा सदस्य दिग्विजय सिंह ने एक बार फिर सर्जिकल स्ट्राइक पर सवाल उठाया है। जिसे लेकर देश की राजनीति गर्म हो गई है । दिग्विजय सिंह के इस बयान से पार्टी ने किनारा कर लिया है । कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने कहा है कि दिग्विजय सिंह का बयान निजी है और पार्टी इसका समर्थन नहीं करती है।

दिग्विजय सिंह के बयान का कांग्रेस नहीं करती समर्थन

जयराम रमेश ने ट्वीट करते हुए कहा है कि आज वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह द्वारा व्यक्त किए गए विचार कांग्रेस पार्टी के नहीं, उनके व्यक्तिगत विचार हैं । 2014 से पहले यूपीए सरकार ने भी सर्जिकल स्ट्राइक की थी। राष्ट्रहित में सभी सैन्य कार्रवाइयों का कांग्रेस ने समर्थन किया है और आगे भी समर्थन करेगी।

दिग्विजय सिंह ने सर्जिकल स्ट्राइक पर उठाया था सवाल

बता दें कि दिग्विजय सिंह ने कहा था कि 2016 में पुलवामा हमले मामले में आज तक संसद के सामने कोई रिपोर्ट नहीं रखी गई। उन्होंने दावा किया कि सर्जिकल स्ट्राइक किया गया, लेकिन सबूत नहीं दिखाया। लेकिन, इसका आज तक कोई प्रमाण नहीं है। इसके अलावा दिग्विजय सिंह ने कई मुद्दों पर केंद्र सरकार पर सवाल उठाया है। जम्मू में भारत जोड़ो यात्रा के दौरान कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह ने राज्य से जुड़े मुद्दे उठाते हुए कहा कि हुकूमत यहां का फैसला नहीं करना चाहती। यहां की समस्या का निदान नहीं करना चाहती। यह समस्या बनाए रखना चाहती है, ताकि कश्मीर फाइल्स जैसी फिल्में बनती रहे और हिंदू-मुसलमान में नफरत फैलाते रहें।

बीजेपी ने किया पलटवार

दिग्विजय के बयान पर बीजेपी प्रवक्ता गौरव भाटिया ने कहा कि पीएम मोदी के प्रति उनकी नफरत के कारण, राहुल गांधी और दिग्विजय सिंह में अब देशभक्ति नहीं बची है। कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा तो महज एक बहाना है। दरअसल, ये लोग भारत को तोड़ने का काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि जब हमारी वीर सेना पाकिस्तान की सीमा में घुसकर मारती है तो पाकिस्तान को दर्द होता ही है लेकिन यहां भी कुछ लोगों को दर्द होता है।

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in