नई दिल्ली/रफ्तार डेस्क। कर्नाटक में सोशल मीडिया पर बैन लगा दिया गया है। हालंकि यह बैन केवल उनपर लागू होगा जिनकी उम्र 16 साल से कम है। बजट सत्र के दौरान कर्नाटक के सीएम सिद्धारमैया ने विधानसभा में सोशल मीडिया बैन की घोषणा की है। न्होंने कहा कि बच्चों पर मोबाइल फोन के इस्तेमाल से होने वाले दुष्प्रभाव को देखते हुए 16 साल से कम उम्र के बच्चों के लिए प्रतिबंध लगाया गया है।
सोशल मीडिया पर बैन लगाने वाला पहला राज्य बना कर्नाटक
अभी गोवा, महाराष्ट्र और बिहार में बैन लगाने को लेकर स्टेकहोल्डर्स से बातचीत की जा रही थी लेकिन इसी बीच कर्नाटक ने बैन लगाने का ऐलान कर दिया। इसी के साथ कर्नाटक 16 साल से कम उम्र के बच्चे के लिए सोशल मीडिया पर बैन लगाने वाला देश का पहला राज्य बन गया है। बीते महीने कर्नाटक के मुख्यमंत्री ने राज्य के हायर एजुकेशन काउंसिल के वाइस चांसलर से बात करते हुए ऑस्ट्रेलिया का उदाहरण देते हुए उम्र के हिसाब से सोशल मीडिया के इस्तेमाल पर प्रतिबंध लगाने को लेकर चर्चा की थी जिसके बाद ये फैसला सामने आया।
केंद्र सरकार भी बैन लगाने की तैयारी में
पिछले महीने नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित हुए AI समिट के दौरान केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने भी कहा था कि भारत में उम्र के हिसाब से सोशल मीडिया पर प्रतिबंध लगाने की जरुरत है जिसे लेकर तैयारी की जा रही है। कई देशों ने माना है कि सोशल मीडिया के इस्तेमाल पर एज बेस्ड प्रतिबंध लगाना जरूरी है।
कई देश उठा चुके हैं सख्त कदम
ऑस्ट्रेलिया ने कम उम्र के यूजर्स के लिए सोशल मीडिया तक पहुंच को सीमित करने के लिए सख्त कदम उठाए हैं। फ्रांस और स्पेन समेत यूरोप के कुछ और देश भी इस कड़ी में शामिल हैं जिन्होंने स्कूलों ने कक्षाओं में ध्यान भटकाने को कम करने और छात्रों की एकाग्रता में सुधार करने के लिए स्मार्टफोन के उपयोग पर को लेकर भी सख्त नियम बनाए हैं।




