नई दिल्ली, रफ्तार डेस्क । गर्मियों का मौसम चल रहा है और अब चुभने वाली तेज धूप भी सताने लगी है। इस मौसम में बच्चों से लेकर बड़ों को घमौरियाें की समस्या हो जाती है। छोटे-छोटे लाल दाने के आकार में होने वाली ये घमौरियां गर्मी में बहुत ज्यादा परेशान करती हैं। ऐसे में आप कुछ होममेड टिप्स अपनाकर अपनी स्किन को कूल-कूल रख सकते हैं।
घमौरियों को प्रिकली हीट या हीट रैश भी कह सकते हैं। ये अक्सर त्वचा में पसीना होने के कारण ग्रन्थियों के पोर्स बंद होने के कारण हो जाती हैं। यह छोटे-छोटे लाल दाने के आकार में होते हैं और इसमें खुजली और जलन जैसी समस्या भी हो सकती हैं।
नेशनल इंस्टीटयूट ऑफ हेल्थ की मानें तो यह शरीर के किसी भी हिस्से में हो सकती है। घमौरियां सबसे ज्यादा पीठ, सीने, चेहरे और हाथ में हो जाती है। तेज धूप में निकलने से ये परेशानी और भी बढ़ जाती है। घमौरियां आपको भी परेशान कर सकती हैं इसलिए समय रहते इससे बचाव के लिए कुछ घरेलू उपाय अपना सकते हैं।
कूल बाथ से स्किन हो जाएगी कूल-कूल
घमौरियों से बचने के लिए रोजाना कूल बाथ लेना जरूरी है। इसके आपकी स्किन को राहत मिलेगी और बंद रोम छिद्र भी खुल जाएंगे। इससे हीट रैश में आराम मिल जाएगा।
रोजाना पिएं डिटॉक्स ड्रिंक
घमौरियों से बचने के लिए बॉडी को डिटॉक्स करना जरूरी है। इसके लिए नींबू पानी जैसा डिटॉक्स ड्रिंक रोज पी सकते हैं। ये एक बेहतर डिटॉक्स माना जाता है, क्योंकि ये बॉडी को साफ़ करने और विषैले पदार्थों को बाहर निकालने में हेल्प करता है। नींबू में मौजूद विटामिन सी और एंटीऑक्सीडेंट्स शरीर को हेल्दी रखने में भी मदद करते हैं।
हल्के व कॉटन के कपड़े चुनें
गर्मियों में हमेशा कॉटन या हल्के कपड़ों का ही चुनाव करें। घमोरियां की समस्या ज्यादा परेशान न करे ऐसे में हल्के रंग कॉटन के कपड़े पहनकर ही घर से बाहर निकलें। यह भी ध्यान रखें कि कपड़े ज्यादा टाइट या गहरे रंग के न हों। इस सीजन में सिंथेटिक, पॉलिस्टर, रेयॉन और जॉर्जेट फैब्रिक के कपड़े आपको परेशान कर सकते हैं वहीं कॉटन में पसीना सोखने का गुण होता है इसलिए हल्के कपड़े ही चुनें।
स्किन पर लगाएं शहद
शहद में एंटीऑक्सीडेंट की मात्रा अधिक होती है। इसलिए शहद रोजाना खाने के अलावा इसे त्वचा पर भी लगा सकते हैं। दोनों ही तरह से आप घमौरियों से आराम पा सकते हैं। शहद में एंटीबैक्टीरियल गुण पाए जाते हैं, जो स्किन में होने वाली जलन को भी दूर करता है।
कोकोनट ऑइल है सबसे बेहतर
यदि आपको घमौरियां हो गई हैं तो रात में सोने से पहले पूरे शरीर में नारियल का तेल लगाकर सो जाएं। नारियल तेल के एंटीबैक्टीरियल गुण हीट रैशेज को जल्दी ठीक करने में मदद करते और स्किन को मॉश्चराइज भी रखते हैं। इसमें मौजूद एंटीबैक्टीरियल गुण और तत्व स्किन की स्थिति को सुधारने में हेल्प कर सकते हैं।





