नई दिल्ली, रफ्तार न्यूज डेस्क। भारतीय मुक्केबाज मोहम्मद हुसामुद्दीन (57 किग्रा) और दीपक भोरिया (51 किग्रा) को शुक्रवार को ताशकंद में विश्व चैंपियनशिप में कांस्य पदक से संतोष करना पड़ा।
चोट की वजह से मुकाबले से हुए बाहर
हसामुद्दीन को घुटने में चोट लगने के बाद सेमीफाइनल मुकाबले से हटने के लिए मजबूर होना पड़ा। निजामाबाद के 29 वर्षीय खिलाड़ी को बुल्गारिया के जे डियाज इबनेज के खिलाफ क्वार्टर फाइनल बाउट के दौरान घुटने में चोट लग गई थी। वहीं 51 किग्रा वर्ग में दीपक को दो बार की विश्व चैंपियनशिप के कांस्य पदक विजेता फ्रांस के बिलाल बेनामा से 3-4 से हार का सामना करना पड़ा।
बॉक्सिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया ने एक बयान में कहा, “हुसामुद्दीन चोट के कारण वाकओवर दे दिया है और कांस्य पदक से संतोष कर रहे हैं। QF के दौरान उनके घुटने में चोट लगी थी और उन्हें आगे प्रतिस्पर्धा नहीं करने की सलाह दी गई थी।”




