नई दिल्ली / रफ्तार डेस्क । रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने 18 साल के लंबे इंतजार के बाद आखिरकार अपनी पहली आईपीएल ट्रॉफी जीत ली। रजत पाटीदार की अगुवाई में आरसीबी ने फाइनल मुकाबले में पंजाब किंग्स को 6 रन से शिकस्त देकर खिताब अपने नाम किया। टीम के साथ शुरू से जुड़े विराट कोहली को भी पहली बार आईपीएल चैंपियन बनने का सौभाग्य मिला। इस ऐतिहासिक जीत का जश्न पूरे देश में धूमधाम से मनाया गया। इसी मौके पर टीम के पूर्व मालिक विजय माल्या के बेटे सिद्धार्थ माल्या ने भी एक जश्न का वीडियो इंस्टाग्राम पर साझा किया। हालांकि, कुछ ही देर बाद वह वीडियो इंस्टाग्राम द्वारा हटा दिया गया।
आरसीबी की ऐतिहासिक जीत के बाद विजय माल्या ने मैच के अंतिम क्षणों का एक वीडियो साझा किया था। इस वीडियो में वे टेलीविजन पर मैच की आखिरी गेंद को देखते नजर आते हैं। जैसे ही आरसीबी जीत दर्ज करती है, विजय माल्या भावुक हो जाते हैं और उनकी आंखों से आंसू बहने लगते हैं, जिन्हें वे रोक नहीं पाते। हालांकि, इस वीडियो को इंस्टाग्राम ने प्लेटफॉर्म से हटा दिया और साथ ही सिद्धार्थ माल्या के अकाउंट पर कुछ दिनों के लिए ऐसी पाबंदी भी लगा दी जिससे वे अपने फॉलोअर्स से बातचीत नहीं कर सके।
सिद्धार्थ माल्या ने इस तरह जताई नाराजगी
जैसे ही सिद्धार्थ माल्या के इंस्टाग्राम अकाउंट से पाबंदी हटी, उन्होंने एक वीडियो पोस्ट कर अपनी नाराजगी जाहिर की। उन्होंने कहा, “आरसीबी की जीत के बाद मैंने एक भावुक पल का वीडियो शेयर किया था, जिसे लोगों ने काफी पसंद भी किया। लेकिन इंस्टाग्राम ने वह वीडियो हटा दिया और मुझे अपने फॉलोअर्स से संवाद करने से भी रोक दिया। उनका कहना था कि यह कॉपीराइट नीति का उल्लंघन है, जबकि उस वीडियो में सिर्फ बैकग्राउंड में मैच के दृश्य चल रहे थे। यह आरोप पूरी तरह से निरर्थक है।”
बीसीसीआई और आईपीएल पर लगाया आरोप
सिद्धार्थ माल्या ने बीसीसीआई और आईपीएल पर यह आरोप लगाया कि उन्होंने उनसे आरसीबी की ऐतिहासिक जीत के जश्न का अहम पल छीन लिया। आरसीबी के शुरुआती सीजन्स में सिद्धार्थ लगभग हर मैच में स्टेडियम में मौजूद रहते थे और टीम को सक्रिय रूप से सपोर्ट करते थे। हालांकि, जब उनके पिता विजय माल्या पर बैंक घोटाले के आरोप लगे, तो पूरा परिवार भारत छोड़कर विदेश चला गया।
गौरतलब है कि जब 2008 में आईपीएल की शुरुआत हुई थी, तब विजय माल्या रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) टीम के मालिक थे। हालांकि अब उनका इस फ्रेंचाइज़ी में कोई स्वामित्व नहीं रह गया है। करीब 18 साल बाद, आईपीएल 2025 में आरसीबी ने अपना पहला खिताब जीतकर इतिहास रच दिया। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए फाइनल मुकाबले में टीम ने पंजाब किंग्स को 6 रन से हराकर यह उपलब्धि हासिल की।




