नई दिल्ली / रफ्तार डेस्क । विराट कोहली उम्र में रोहित शर्मा से करीब डेढ़ साल छोटे हैं, लेकिन दोनों का क्रिकेट करियर लगभग एक ही दौर से जुड़ा रहा है। दोनों ने एकसाथ टी20 से संन्यास लिया और कुछ ही दिनों बाद टेस्ट क्रिकेट को भी अलविदा कहा। BCCI से करोड़ों की सैलरी के अलावा, दोनों ने कई बड़े ब्रांड्स के प्रमोशन और स्पॉन्सरशिप डील से भी भारी कमाई की है। लेकिन उनकी नेट वर्थ में जो अंतर है, उसे जानकर आप हैरान रह जाएंगे। आइए जानते हैं दोनों खिलाड़ियों में कौन ज्यादा अमीर है ?
विराट vs रोहित : नेट वर्थ में बड़ा फर्क
रोहित शर्मा की कुल संपत्ति रिपोर्ट्स के मुताबिक लगभग 214 करोड़ रुपये आंकी गई है। यह कमाई उन्होंने BCCI, इंडियन प्रीमियर लीग, एंडोर्समेंट्स और स्पॉन्सरशिप डील्स से की है। रोहित फिलहाल टीम इंडिया के लिए केवल ODI मैच खेलते हैं, और उन्हें BCCI से सालाना 7 करोड़ रुपये की सैलरी मिलती है।
वहीं, विराट कोहली की कुल संपत्ति लगभग 1050 करोड़ रुपये बताई जाती है। विराट भी अब सिर्फ ODI खेलते हैं और BCCI की सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट लिस्ट में ग्रेड A के तहत उन्हें सालाना 7 करोड़ रुपये मिलते हैं। इसके अलावा, विराट ने एंडोर्समेंट्स, स्पॉन्सरशिप डील्स और बिजनेस इन्वेस्टमेंट के जरिए भी भारी संपत्ति बनाई है।
विराट और रोहित किन कंपनियों के साथ जुड़े हैं?
रोहित शर्मा Adidas, CEAT, IIFL फाइनेंस, मैक्स लाइफ इंश्योरेंस समेत कई बड़े ब्रांड्स के साथ जुड़े रहे हैं। फाइनेंशियल एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक, रोहित का निवेश पोर्टफोलियो भी खासा मजबूत है। उन्होंने स्टार्टअप्स और अन्य ब्रांड्स में लगभग 89 करोड़ रुपये का निवेश किया हुआ है।
विराट कोहली ने PUMA, Audi, MRF, Myntra जैसे कई बड़े ब्रांड्स के साथ काम किया है। निवेश के मामले में भी विराट काफी सक्रिय हैं। वे One8 और Wrogn नाम की दो कंपनियों के मालिक हैं। इसके अलावा उन्होंने Myntra, Universal Sportsbiz और कई अन्य कंपनियों में भी अच्छा खासा पैसा लगाया है।





