नई दिल्ली/रफ्तार डेस्क । भारतीय क्रिकेट के सुपरस्टार विराट कोहली एक बार फिर सुर्खियों में हैं, लेकिन इस बार वजह उनका बल्ला नहीं बल्कि उनका दिल जीत लेने वाला अंदाज है। सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे एक वीडियो में कोहली एयरपोर्ट पर फैंस को खुद बुलाकर उनके साथ तस्वीर खिंचवाते नजर आ रहे हैं। करोड़ों की संपत्ति और ग्लोबल स्टारडम के बावजूद उनका यह सहज और अपनापन भरा व्यवहार लोगों को खूब पसंद आ रहा है।
भारतीय टीम इस समय 2026 टी20 वर्ल्ड कप में हिस्सा ले रही है। हालांकि कोहली 2024 टी20 वर्ल्ड कप के बाद टी20 इंटरनेशनल फॉर्मेट से संन्यास ले चुके हैं। उन्होंने 2012 से 2024 तक टी20 वर्ल्ड कप में भारत का प्रतिनिधित्व किया और कई यादगार पारियां खेलीं। 2026 के टूर्नामेंट के बीच जब कोहली एयरपोर्ट पर स्पॉट हुए तो वहां मौजूद फैंस के लिए वह पल खास बन गया।
सोशल मीडिया पर वीडियो हो रहा खूब शेयर
वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि एयरपोर्ट से बाहर निकलते समय कोहली अपना बैग स्टाफ को थमाते हैं और फिर मुस्कुराते हुए कहते हैं, “कौन है फोटो वाला, आ जाओ…” इसके बाद वे भीड़ की ओर देखकर कहते हैं, “आराम से-आराम से,” ताकि कोई धक्का-मुक्की न हो। फिर वह फैन को पास बुलाकर बड़े ही सादगी भरे अंदाज में फोटो खिंचवाते हैं। यह छोटा सा पल सोशल मीडिया पर वायरल हो गया और लोगों ने इसे खूब शेयर किया। लगभग 1100 करोड़ रुपये की नेटवर्थ रखने वाले विराट कोहली का इस तरह खुद फैंस को बुलाकर तस्वीर खिंचवाना लोगों को हैरान भी कर रहा है और प्रभावित भी। आमतौर पर बड़े सितारे सुरक्षा घेरे में रहते हैं और दूरी बनाए रखते हैं, लेकिन कोहली का यह व्यवहार दर्शाता है कि वह आज भी अपने चाहने वालों की कद्र करते हैं।
वनडे सीरीज में रहा अच्छा प्रदर्शन
अगर उनके हालिया प्रदर्शन की बात करें तो साल की शुरुआत में न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज में उनका बल्ला जमकर बोला था। तीन मैचों की सीरीज में उन्होंने 93, 23 और 124 रनों की शानदार पारियां खेलीं। इससे पहले उन्होंने विजय हजारे ट्रॉफी में दिल्ली के लिए दो मुकाबले भी खेले थे।
फिलहाल विराट कोहली भारत के लिए केवल वनडे फॉर्मेट में उपलब्ध हैं। उनके वनडे करियर पर नजर डालें तो उन्होंने अब तक 311 मुकाबले खेले हैं। 299 पारियों में 14,797 रन बनाते हुए उन्होंने 54 शतक और 77 अर्धशतक जड़े हैं। ये आंकड़े उन्हें विश्व क्रिकेट के महानतम बल्लेबाजों में शुमार करते हैं। मैदान पर आक्रामकता और मैदान के बाहर विनम्रता विराट कोहली की यही दोहरी पहचान उन्हें खास बनाती है। वायरल हो रहा यह वीडियो एक बार फिर साबित करता है कि असली ‘किंग’ वही है, जो ऊंचाइयों पर पहुंचकर भी अपने फैंस को नहीं भूलता।





