नई दिल्ली, रफ्तार डेस्क । इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के 18वें सीजन में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) ने इतिहास रच दिया। फाइनल मुकाबले में पंजाब किंग्स को हराकर आरसीबी ने 18 सालों के लंबे इंतजार के बाद पहली बार खिताब अपने नाम किया। यह जीत टीम और उसके फैन्स के लिए यादगार पल बन गई।
इस ऐतिहासिक जीत के बाद जहां आरसीबी के खिलाड़ी खुशी से झूम उठे, वहीं बेंगलुरु की सड़कों पर भी फैंस का उत्साह देखने लायक था। अपने समर्थकों को तोहफा देने के लिए आरसीबी फ्रेंचाइजी ने 4 जून को शहर में भव्य विक्ट्री परेड का आयोजन किया, जिसमें हजारों फैन्स पहुंचे।
लेकिन यह जश्न RCB के लिए सबसे बड़ी गलती साबित हुआ। भारी संख्या में फैंस के पहुंचने से विक्ट्री परेड के दौरान भगदड़ मच गई, जिसमें 11 लोगों की मौत हो गई और कई घायल हो गए। अब इस दर्दनाक घटना पर आरसीबी के स्टार खिलाड़ी विराट कोहली का बयान सामने आया है।
बेंगलुरु भगदड़ मामले पर क्या बोले विराट कोहली
बेंगलुरु भगदड़ की घटना को तीन महीने बीत जाने के बाद विराट कोहली का बयान सामने आया है। आरसीबी फ्रेंचाइजी ने उनका यह संदेश अपने आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर साझा किया, जिसमें कोहली ने हादसे पर गहरा दुख जताते हुए पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की।
टीम के स्टार खिलाड़ी विराट कोहली ने बयान में कहा, “जिंदगी में कुछ भी आपको 4 जून जैसे दिल टूटने वाले दिन के लिए तैयार नहीं करता। जो हमारी फ्रेंचाइजी के इतिहास का सबसे खुशी का पल होना चाहिए था, वह एक दर्दनाक हादसे में बदल गया।”
आपका नुकसान अब हमारी कहानी का हिस्सा- विराट कोहली
विराट कोहली ने आगे कहा, “मैं उन परिवारों के बारे में सोच रहा हूं और उनके लिए प्रार्थना कर रहा हूं, जिन्होंने अपने प्रियजनों को खो दिया… साथ ही उन प्रशंसकों के लिए भी, जो इस हादसे में घायल हुए। आपका नुकसान अब हमारी कहानी का हिस्सा है। हम सब मिलकर जिम्मेदारी के साथ आगे बढ़ेंगे।”
फ्रेंचाइजी ने मुआवजे के रुप में 25 लाख रुपए देने की घोषणा की
बात दे कि, आरसीबी की फ्रेंचाइजी ने बेंगलुरु भगदड़ मामले में मारे जाने वालें परिवारों को 25 लाख रुपए आरसीबी केयर्स के जरिए देने की घोषण की। इस घटना में करीब 33 लोग घायल भी हुए थे। वहीं इस मामले में न्यायिक जांच के भी आदेश दिए गए थे, जिसके बाद से बेंगलुरु के एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में अब तक कोई भी इंटरनेशनल मुकाबला नहीं खेला गया है।


.jpg)


