नई दिल्ली/रफ्तार डेस्क। जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम में विजय हजारे ट्रॉफी 2025–26 के रोमांचक मुकाबले में मुंबई को शुरुआती ओवरों में ही बड़ा झटका लगा। टीम के स्टार बल्लेबाज रोहित शर्मा पहले ही ओवर में शून्य पर आउट हो गए। यह गोल्डन डक पर आउट होना न सिर्फ मुंबई टीम के लिए, बल्कि हजारों दर्शकों के लिए भी निराशाजनक रहा। स्टेडियम में मौजूद फैंस के बीच रोहित के नाम की जब उद्घोषणा हुई और वह आउट हुए, तो माहौल में एक सन्नाटा सा फैल गया।
रोहित शर्मा का फ्लॉप शो
रोहित शर्मा, जो पहले राउंड में सिक्किम के खिलाफ 155 रनों की धमाकेदार पारी खेल चुके थे, इस बार अपनी क्लास दिखाने में असफल रहे। मैच की पहली ही ओवर की आखिरी गेंद पर उत्तराखंड के दाएं हाथ के मध्यम गति के गेंदबाज बोरा ने रोहित को चकमा दिया। रोहित ने गेंद को फाइन लेग की ओर खेला, जहां जगमोहन नागरकोटी ने शानदार कैच पकड़ा। पहले प्रयास में गेंद छूट गई, लेकिन दूसरे प्रयास में उन्होंने कैच पूरा कर लिया और रोहित शून्य पर पवेलियन लौट गए। रोहित का जल्दी आउट होना मुंबई की रणनीति पर सीधे असर डालता है। उनके बिना, टीम को मजबूती से पारी को संभालना और लक्ष्य तक पहुँचाना मुश्किल हो सकता है। स्टेडियम में मौजूद फैंस के चेहरे पर निराशा साफ नजर आ रही थी।
कौन हैं देवेंद्र सिंह बोरा
दाएं हाथ के तेज गेंदबाज देवेंद्र सिंह बोरा अपने करियर का सिर्फ तीसरा लिस्ट-ए मुकाबला खेल रहे थे। रोहित शर्मा के रूप में उन्होंने लिस्ट-ए क्रिकेट में अपना पांचवां विकेट लिया। रोहित का विकेट लेना निश्चित तौर पर पूरे टूर्नामेंट में उनका आत्मविश्वास बढ़ाएगा. इससे पहले हिमाचल प्रदेश के खिलाफ मुकाबले भी बोरा ने शानदार प्रदर्शन किया था। देवेंद्र बोरा ने इससे पहले उत्तराखंड प्रीमियर लीग (UPL) 2025 में भी शानदार प्रदर्शन किया था. वह देहरादून वॉरियर्स टीम का हिस्सा थे, जहां उन्होंने सिर्फ 6 मैचों में 10 विकेट चटकाए. लगभग हर मुकाबले में उन्होंने अपनी टीम के लिए अहम योगदान दिया और चयनकर्ताओं का ध्यान अपनी ओर खींचा था।





