नई दिल्ली, रफ्तार डेस्क । भारतीय टीम के टी20 फॉर्मेट के विस्फोटक बल्लेबाज तिलक वर्मा ने अपनी जीवनी से जुड़े बेहद कठिन दौर के बारे में बा की है। टीम इंडिया की 2025 एशिया कप जीत में अहम भूमिका निभाने वाले तिलक वर्मा ने हाल ही में अपने करियर और सबसे कठिन सफर खुलासा किया है, जब उन्हें लगा था कि उनका क्रिकेट सफर यहीं खत्म हो जाएगा।
22 साल के इस बाएं हाथ के बल्लेबाज तिलक वर्मा ने बताया कि 2022 में उन्हें रैबडोमायोलिसिस नाम की दुर्लभ बीमारी हो गई थी, जिसमें मांसपेशियां तेजी से कमजोर होकर टूटने लगती हैं। यह दौर उनके करियर का सबसे चुनौतीपूर्ण समय साबित हुआ।
तिलक वर्मा ने अपने बेहद कठिन दौर की बात की
तिलक वर्मा ने बताया कि यह दौर उनके लिए बेहद कठिन था, जब उन्हें अपनी फिटनेस के साथ-साथ करियर के लिए भी संघर्ष करना पड़ा। उन्होंने मुंबई इंडियंस टीम और मालिक आकाश अंबानी का आभार जताया, जिन्होंने उनके इलाज और देखभाल में हर संभव सहयोग दिया।
मुंबई इंडियंस के लिए तिलक वर्मा पिछले कुछ वर्षों में एक अहम खिलाड़ी के रूप में उभरे हैं। उन्हें 2024 सीजन से पहले टीम ने रिटेन किया था, और टूर्नामेंट में उनके शानदार प्रदर्शन ने उन्हें भारतीय टीम तक पहुंचाने में बड़ी भूमिका निभाई।
तिलक वर्मा को किस बीमारी ने नुकसान पहुंचाया
तिलक वर्मा ने एक प्रोडकास्ट में बातचीत बताया कि, “आईपीएल के अपने पहले सीजन के बाद मुझे कुछ स्वास्थ्य समस्याएं हुईं। मैं फिट रहना चाहता था, लेकिन मुझे रैबडोमायोलिसिस नामक बीमारी हो गई, जिससे मेरी मांसपेशियां अत्यधिक थक गईं और उन्हें काफी नुकसान पहुंचा।”
आकाश अंबानी ने जय शाह को दी जानकारी
तिलक वर्मा ने बताया कि, उन्होंने रेस्ट डे पर भी खुद को रोके बिना लगातार जिम में ट्रेनिंग की। लेकिन ओवरट्रेनिंग के कारण मांसपेशियों को पर्याप्त आराम नहीं मिला और हालत बिगड़ती चली गई। जब स्थिति गंभीर हुई, तो आकाश अंबानी ने तुरंत जय शाह को जानकारी दी और तिलक को अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों ने चेतावनी दी कि अगर थोड़ी सी भी देरी होती, तो नतीजे बेहद गंभीर हो सकते थे।
एशिया कप 2025 में खेली यादगार पारी
बता दें कि, तिलक वर्मा के करियर का सबसे यादगार पल वह रहा, जब उन्होंने एशिया कप 2025 के फाइनल में पाकिस्तान के खिलाफ मैच जिताने वाली पारी खेली। उनके इस शानदार प्रदर्शन ने न सिर्फ भारत को खिताबी जीत दिलाई, बल्कि उन्हें भारतीय क्रिकेट टीम में एक स्थायी जगह भी दिला दी।
अब T20 सीरीज़ में आएंगे नजर
अब तिलक वर्मा भारत की आगामी 5 मैचों की T20 सीरीज़ में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेलते नजर आएंगे। इस सीरीज़ में उनके साथ जसप्रीत बुमराह, सूर्यकुमार यादव और शिवम दुबे भी टीम का हिस्सा होंगे। तिलक की कहानी केवल उनकी क्रिकेट प्रतिभा ही नहीं, बल्कि उनकी मेहनत, साहस और चुनौतियों से लड़ने की अटूट भावना की मिसाल भी पेश करती है।




