नई दिल्ली/रफ्तार डेस्क। भारत ने बांग्लादेश के खिलाफ पहला टेस्ट तो अपने नाम कर लिया लेकिन दूसरा टेस्ट जीतकर सीरीज पर मुहर लगाने का सपना चकनाचूर होता दिखाई दे रहा है। पहले दिन खेल देर से शुरु हुआ और लंच तक केवल 35 ओवर का ही मैच पूरा हो सका। भारी बारिश के कारण खराब रोशनी के चलते मैच को निर्धारित समय से पहले ही खत्म करना पड़ा था। दूसरे दिन मैदान से मिल रही खबरों के अनुसार बारिश के कारण टीम इंडिया वापस भी होटल लौट गई थी। भारत WTC Points table में अपनी स्थिति मजबूत बनाने के नजरिए से मैच जीतना चाहेगा।
बांग्लादेश से ज्यादा भारत को नुकसान
चेन्नई टेस्ट में भारत का परचम लहराने के बाद टीम इंडिया कानपुर टेस्ट को जीतने की भी प्रबल दावेदार दिखाई दे रही है। हालांकि दूसरे टेस्ट के पहले ही दिन से बारिश विलेन बनकर सामने आई है। पहले दिन का खेल खत्म होने तक केवल 35 ओवर डाले गए थे जबकि दूसरे दिन का खेल शुरु ही नही हो सका और बिना गेंद डाले दिन समाप्ति की घोषणा करनी। हालांकि भारतीय टीम चाहेगी कि कानपुर टेस्ट ड्रा न हो, अगर ऐसा होता है तो इससे सबसे ज्यादा नुकसान भारत को ही है। चूंकि भारत इस मैच को जीतने का मजबूत दावेदार माना जा रहा है अगर बारिश जारी रहती है तो मुकाबला ड्रा हो जाएगा और भारत और बांग्लादेश को 4-4 WTC अंक बांट दिए जाएंगे।
भारत की जीत प्रतिशत में होगी भारी गिरावट
भारत के नाम अभी WTC में 68.18 प्रतिशत जीत दर्ज है, अगर मुकाबला रद्द होता है तो यह जीत प्रतिशत यहीं पर स्थिर रह जाएगा जबकि अगर भारत ये मुकाबला जीतता है तो इस आंकड़े में काफी लंबा उछाल आएगा। यह आंकड़ा 68.18 से बढ़कर 74.24 प्रतिशत हो जाएगा। हालांकि भारत इस जीत प्रतिशत के साथ टॉप पर है और बांग्लादेश छठे स्थान पर है। ऐसे में अगर कानपुर टेस्ट रद्द होगा तो तुलनात्मक तौर पर भारत को ज्यादा नुकसान होगा।




