नई दिल्ली, रफ्तार। एशिया कप 2024 में भारतीय महिला टीम ने जीत के साथ आगाज किया। पाकिस्तान के दांबुला मैदान पर आज खेले गए मुकाबले में हरमनप्रीत बिग्रेड ने मेजबान टीम को 7 विकेट से हराया। पाकिस्तान ने 109 रनों का लक्ष्य दिया था, जिसे भारत ने 14.1 ओवर में तीन विकेट के नुकसान पर हासिल कर लिया। शेफाली वर्मा और स्मृति मंधाना ने पहले विकेट के लिए 85 रनों की दमदार साझेदारी की। मंधाना ने 31 गेंदों पर 9 चौकों की मदद से 45 रन बनाए। वह 10वें ओवर में सैयदा अरूब शाह की गेंद की शिकार बनीं। सैयदा ने 12वें ओवर में शेफाली को बोल्ड किया। उन्होंने 29 गेंदों पर 40 रन बनाए। इस दौरान 6 चौके और एक छक्का जड़ा। नशरा संधू ने 13वें ओवर में दयालन हेमलता (11 गेंदों में 14) को अपने जाल में फंसा लिया। कप्तान हरमनप्रीत कौर 5 रन और जेमिमा रोड्रिग्स 3 रन बनाकर नाबाद रहीं।
108 रनों पर ऑलआउट हो गई थी पाक
मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए पाक टीम 19.2 ओवर में 108 रन पर सिमट गई। सिदरा अमीन ने सबसे ज्यादा 35 गेंदों पर 25 रन बनाए। इसमें तीन चौके शामिल हैं। सात खिलाड़ी दहाई का आंकड़ा नहीं छू सकीं। पाकिस्तान की शुरुआत खराब रही थी। ओपनर गुल फिरोजा (5 रन) और मुनीबा अली (11 रन) चौथे ओवर तक पवेलियन लौटीं। आलिया रियाज (6 रन) और कप्तान निदार डार (8 रन) ज्यादा देर नहीं खेल सकीं। तूबा हसन 19 गेंदों पर 22 रन जोड़े। फातिमा सना 16 गेंदों पर 22 रन बनाकर नाबाद रहीं। उन्होंने एक चौका और दो छक्के लगाए। टीम के स्कोर को 100 के पार पहुंचाया। भारतीय टीम से दीप्ति शर्मा ने सबसे अधिक तीन विकेट झटके। रेणुका सिंह, पूजा वस्त्राकर, श्रेयंका पाटिल ने दो-दो विकेट गिराए। भारत की अगली भिड़ंत रविवार को संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) से है।
भारत की प्लेइंग-11
कप्तान हरमनप्रीत कौर, विकेटकीपर ऋचा घोष, स्मृति मंधाना, शैफाली वर्मा, दयालन हेमलता, जेमिमा रोड्रिग्स, दीप्ति शर्मा, पूजा वस्त्राकर, राधा यादव, श्रेयंका पाटिल, रेणुका ठाकुर सिंह।
पाकिस्तान की प्लेइंग-11
कप्तान निदा डार, विकेटकीपर मुनीबा अली, सिदरा अमीन, गुल फिरोजा, आलिया रियाज, इरम जावेद, फातिमा सना, तूबा हसन, सादिया इकबाल, नशरा संधू, सैयदा अरूब शाह।





