नई दिल्ली/रफ्तार डेस्क। घरेलू सरजमीं पर लगातार दूसरी टेस्ट सीरीज में व्हाइटवॉश के बाद भारतीय टीम की फॉर्म को लेकर अब बड़ा विवाद खड़ा हो गया है। पूर्व कप्तान विराट कोहली के बड़े भाई विकास कोहली ने टीम की गिरती हालत के लिए मुख्य कोच गौतम गंभीर, BCCI और चयनकर्ताओं पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने यहां तक दावा किया कि विराट कोहली और रोहित शर्मा ने टेस्ट क्रिकेट छोड़ा नहीं, बल्कि उन्हें टीम से ‘हटाया गया’।
भारत जब गुवाहाटी टेस्ट में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 549 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए हार के कगार पर था, तब विकास कोहली ने इंस्टाग्राम थ्रेड्स पर यह हमला बोला। हालांकि, पोस्ट कुछ देर बाद डिलीट कर दिए गए, लेकिन तब तक वे सोशल मीडिया पर वायरल हो चुके थे।
”जब ठीक चल रही चीजों को जबरन बदलते हैं”
विकास कोहली ने अपनी पोस्ट में टीम इंडिया के स्वर्णिम दौर (दिसंबर 2012 से अक्टूबर 2024 तक, जब भारत घरेलू सीरीज में अजेय रहा) और मौजूदा खराब प्रदर्शन के बीच का अंतर बताया।एक समय था जब हम विदेशों में जीतने निकला करते थे। अब हम भारत में भी मैच बचाने उतर रहे हैं जब आप ठीक चल रही चीजों को जबरन बदलते हैं, तो यही होता है। विकास ने BCCI पर अनावश्यक और जिद्दी बदलावों’ का आरोप लगाते हुए इसे टीम की गिरावट का मुख्य कारण बताया।
‘कोहली और रोहित को हटाया गया’
एक अन्य सनसनीखेज पोस्ट में विकास ने बड़ा दावा करते हुए कहा कि दोनों दिग्गज बल्लेबाजों ने स्वेच्छा से संन्यास नहीं लिया। रोहित और कोहली ने टेस्ट क्रिकेट नहीं छोड़ा, उन्हें हटाया गया। कोहली और रोहित ने हाल ही में टेस्ट क्रिकेट से संन्यास की घोषणा की थी, लेकिन विकास के इस दावे ने भारतीय क्रिकेट में बड़े विवाद को जन्म दे दिया है।
गंभीर और चयनकर्ताओं की रणनीति पर सवाल
विकास कोहली ने वर्तमान टीम चयन की रणनीति पर सवाल उठाए, जिसकी जिम्मेदारी मुख्य रूप से कोच गौतम गंभीर और अजीत अगरकर की अगुवाई वाली चयन समिति पर है। उन्होंने भारत और दक्षिण अफ्रीका की टीम संरचना की तुलना की।
गंभीर के कार्यकाल में लगातार हार
यह विवाद तब सामने आया है जब गौतम गंभीर के पिछले जुलाई में मुख्य कोच बनने के बाद, भारत चार घरेलू टेस्ट सीरीज में दूसरी बार व्हाइटवॉश झेलने के कगार पर है। इस दौरान भारत न्यूज़ीलैंड और ऑस्ट्रेलिया से हार चुका है, जबकि कमजोर इंग्लैंड के खिलाफ सीरीज 2-2 से बराबर रही थी। इन खराब नतीजों ने भारत को WTC फाइनल की दौड़ से बाहर कर दिया है।





