नई दिल्ली/रफ्तार डेस्क। इंडिया और वेस्टइंडीज की महिला क्रिकेट टीम के बीच खेली गई टी20 क्रिकेट सीरीज खिलाड़ी स्मृति मंधाना के लिए यादगार बन गई। इस सीरीज में मंधाना ने लगातार तीन मैचों में शानदार अर्धशतकीय पारी खेली। जिसके लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द सीरीज अवॉर्ड दिया गया। इस सीरीज में मंधाना ने टोटल 193 रन बनाते हुए कई रिकॉर्ड्स अपने नाम कर लिए।
22 दिसंबर से शुरु होगी वनडे सीरीज
भारत और वेस्टइंडीज महिला टीमों के बीच तीन मैच खेले गए। यह टी20 सीरीज 2-1 से जीत के साथ खत्म हुई। भारतीय टीम ने गुरुवार को तीसरे टी20 मैच में मेजबान टीम को 60 रन से हराकर सीरीज अपने नाम की। टीम इंडिया ने पहले मुकाबले में 49 रन से जीत हासिल की थी, जबकि विंडीज टीम दूसरे मैच में नौ विकेट से जीता। ऐसे में सीरीज में 1-1 की बराबरी दर्ज हुई थी। ये दोनों टीमें एक बार फिर वनडे सीरीज में आमने-सामने आएंगी, इसकी शुरुआत 22 दिसंबर से होगी।
स्मृति मंधाना ने ऐसे दिखाया अपना दमदार प्रदर्शन
मुंबई के डीवाई पाटिल स्टेडियम में 28 वर्षीय कप्तान स्मृति मंधाना ने दमदार प्रदर्शन दिखाया, उन्होंने विरोधी टीम के खिलाफ शानदार पारी खेलते हुए कई रिकॉर्ड अपने नाम किए। बल्लेबाज ने 47 बॉल में 13 चौके और एक छक्का लगाकर 77 रन बनाए। मंधाना के लगातार तीसरे अर्धशतक और ऋचा घोष के टी20 में सबसे तेज अर्धशतक की बदौलत भारत ने वेस्टइंडीज के खिलाफ बड़ा स्कोर बनाया । इस सीरीज में मंधाना को लगातार तीन मैचों में अर्धशतकीय पारी खेलने के लिए प्लेयर ऑफ द सीरीज के अवॉर्ड से नवाजा गया। इस सीरीज में उन्होंने टोटल 193 रन का बड़ा स्कोर बनाया। इस सीरीज उन्होंने कई रिकॉर्ड्स अपने नाम किए हैं।
पहला रिकॉर्ड
भारतीय बल्लेबाज स्मृति मंधाना महिला टी20 में सबसे ज्यादा रन बनाने वाली बल्लेबाज बनी हैं। उन्होंने इस साल खेले 23 मुकाबलों में 763 रन बनाकर इतिहास रचा। मंधाना ने श्रीलंका की कप्तान चामरी अट्टापट्टू का रिकॉर्ड तोड़ा है, जिन्होंने इस साल 21 मुकाबलों में 720 रन बनाए थे ।
दूसरा रिकॉर्ड
स्मृति मंधाना ने महिला टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में सबसे ज्यादा बार 50+ रन बनाए हैं। उन्होंने विंडीज के खिलाफ 77 रनों की पारी खेली। इस मामले में मंधाना ने मिताली राज को पीछे छोड़ा है, जिन्होंने 2018 में सात बार 50+ रन बनाए थे।
तीसरा रिकॉर्ड
मंधाना ने महिला टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में सबसे ज्यादा 50+ स्कोर बनाया है। उन्होंने सूजी बेट्स को पीछे छोड़ा है, उनके नाम टी20 मैचों में 50 या उससे ज्यादा के 29 स्कोर दर्ज हैं।
चौथा रिकॉर्ड
स्मृति ने वेस्टइंडीज के खिलाफ महिला टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में सर्वोच्च स्कोर बनाया। उन्होंने अपने खुद के 74 नाबाद स्कोर को पीछे छोड़ा जो उन्होंने जनवरी 2023 में ईस्ट लंदन में महिला टी20 विश्व कप के दौरान बनाया था।
पांचवा रिकॉर्ड
स्मृति मंधाना टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में एक कैलेंडर ईयर में 100 या उससे अधिक चौके लगाने वाली पहली महिला बल्लेबाज बनी हैं। उनके नाम 104 छक्के लगाने का रिकॉर्ड दर्ज है। इस मामले में उन्होंने हेली मैथ्यूज को पीछे छोड़ा है, जिन्होंने पिछले साल 14 मैचों में 99 चौके लगाए थे।
भारत ने 60 रन से जीता मुकाबला
टी20 क्रिकेट सीरीज के इस मुकाबले में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने 20 ओवर में चार विकेट पर 217 रन बनाए। वहीं जवाब में वेस्टइंडीज ने 20 ओवर में नौ विकेट पर सिर्फ 157 रन पर सिमट गई। इस तरह भारत ने यह मुकाबला 60 रन से अपने नाम किया ।





