नई दिल्ली / रफ्तार डेस्क । इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के पहले सीजन में हुए मशहूर “थप्पड़कांड” का वीडियो एक बार फिर सामने आने के बाद नया विवाद खड़ा हो गया है। यह वही घटना है जिसमें मुंबई इंडियंस के खिलाड़ी हरभजन सिंह ने किंग्स इलेवन पंजाब के तेज गेंदबाज एस श्रीसंत को मैदान पर थप्पड़ मार दिया था।
इस घटना को उस समय “स्लैपगेट” नाम दिया गया था। अब आईपीएल के पूर्व चेयरमैन ललित मोदी ने इस विवादित वीडियो को सोशल मीडिया पर साझा किया है। यह वीडियो उस लाइव टेलीकास्ट का हिस्सा नहीं था, लेकिन मोदी ने इसे बियॉन्ड23 क्रिकेट पॉडकास्ट के दौरान ऑस्ट्रेलियाई पूर्व कप्तान माइकल क्लार्क के साथ बातचीत में दिखाया। वीडियो सामने आने के बाद श्रीसंत की पत्नी भड़क उठीं और उन्होंने ललित मोदी व माइकल क्लार्क की सार्वजनिक रूप से कड़ी आलोचना की। उन्होंने कहा कि “18 साल पुरानी घटना को इस तरह से उछालना दुर्भाग्यपूर्ण है।”
इंस्टा स्टोरी पर भड़कीं श्रीसंत की पत्नी
आईपीएल 2008 के थप्पड़कांड का वीडियो सामने आने के बाद श्रीसंत की पत्नी भुवनेश्वरी ने इस पर कड़ी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने इंस्टा स्टोरी पर ललित मोदी और माइकल क्लार्क को जमकर लताड़ा। उन्होंने लिखा कि ललित मोदी और माइकल क्लार्क को शर्म आनी चाहिए। उन्होंने कहा कि ये लोग इंसान नहीं हैं जो सिर्फ सस्ती लोकप्रियता के लिए 2008 की पुरानी घटना को फिर से सामने ला रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि श्रीसंत और हरभजन अब उस विवाद से आगे बढ़ चुके हैं और दोनों स्कूल जाने वाले बच्चों के पिता हैं। इसके बावजूद उन्हें पुराने दिनों में घसीटना बेहद घिनौना, निर्दयी और अमानवीय है।
थप्पड़कांड वीडियो पर भावुक हुईं भुवनेश्वरी
थप्पड़कांड का वीडियो फिर से सामने आने के बाद एस. श्रीसंत की पत्नी भुवनेश्वरी ने गहरी नाराजगी जताई है। उन्होंने इंस्टाग्राम स्टोरी के ज़रिए इस घटना को परिवार के लिए तकलीफदेह बताया। उन्होंने लिखा कि श्रीसंत ने जीवन में कई मुश्किलों से जूझने के बाद अपनी जिंदगी को दोबारा संवारा है। ऐसे में एक पत्नी और मां के तौर पर यह देखना बेहद पीड़ादायक है कि 18 साल पुरानी एक घटना को फिर से उछाला जा रहा है। भुवनेश्वरी ने कहा कि हमारा परिवार उन घावों को फिर से महसूस करने पर मजबूर हो रहा है, जिन्हें हम वर्षों पहले पीछे छोड़ चुके थे। उन्होंने आरोप लगाया कि यह सब कुछ सिर्फ इसलिए किया जा रहा है ताकि कुछ लोग लाइमलाइट में बने रह सकें।
हरभजन सिंह को इस घटना का पछतावा
इस विवाद का वीडियो के सामने आने के बाद ललित मोदी और हरभजन सिंह दोनों ने इस पर अपनी प्रतिक्रिया दी है। ललित मोदी ने एक पॉडकास्ट में खुलासा किया कि मैच खत्म होने के बाद जब कैमरे बंद हो चुके थे, तब यह घटना हुई। उन्होंने बताया, “मेरा एक सुरक्षा कैमरा चालू था और उसी में श्रीसंत और हरभजन के बीच की पूरी घटना रिकॉर्ड हो गई। इतने सालों तक मैंने इस फुटेज को जारी नहीं किया था।”
वहीं दूसरी ओर, हरभजन सिंह ने रविचंद्रन अश्विन से बातचीत में उस घटना को लेकर गहरा अफसोस जाहिर किया। भज्जी ने कहा, “श्रीसंत के साथ जो हुआ, वो मेरे जीवन की एक ऐसी चीज है जिसे मैं बदलना चाहूंगा। वह पूरी तरह से गलत था। मुझे ऐसा बिल्कुल नहीं करना चाहिए था। मैंने लगभग 200 बार माफी मांगी है।” हरभजन ने यह भी कहा कि घटना के कई सालों बाद भी उन्हें हर मंच पर सफाई देनी पड़ी, जो उन्हें सबसे ज्यादा कचोटती है। उन्होंने इसे अपनी सबसे बड़ी गलती बताया।





