नई दिल्ली/रफ्तार डेस्क। भारतीय टीम आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी 2025 के पांचवें मैच के लिए आज 23 फरवरी को चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान से भिड़ेगी। दोनों टीमें दुबई इंटरनेशनल स्टेडियम में आमने-सामने होंगी। भारत और पाकिस्तान के साथ-साथ अन्य देशों के क्रिकेट प्रशंसक भी इस मैच को लेकर उत्साहित हैं। इस मैच को देखना जहां दिलचस्प होगा, वहीं इससे पहले महिलाओं ने भारत की जीत के लिए महाकुंभ में विशेष आरती और पूजा की।
आज 23 फरवरी को दुबई में आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी में भारत और पाकिस्तान के बीच खेले जाने वाले मैच को लेकर भारतीय क्रिकेट प्रशंसक भी काफी उत्साहित हैं। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में त्रिवेणी संगम पर चल रहे महाकुंभ में महिलाओं ने चैंपियंस ट्रॉफी 2025 में भारत और पाकिस्तान के बीच होने वाले आगामी मैच में टीम इंडिया की जीत के लिए गंगा आरती की थी।
पाकिस्तान की टीम अपनी गेंदबाजी में कुछ बदलाव कर सकती है
आपको बता दें कि टीम इंडिया ने इस टूर्नामेंट में सिर्फ एक मैच खेला है। टीम इंडिया ने अपना पहला मैच बांग्लादेश के खिलाफ खेला था, जिसमें टीम इंडिया ने छह विकेट से जीत दर्ज की थी। जबकि पाकिस्तान को अपने पहले मैच में कीवी टीम से हार का सामना करना पड़ा था। भारत के खिलाफ एक और हार से पाकिस्तानी टीम चैंपियंस ट्रॉफी से बाहर हो जाएगी।
दोनों टीमों के हालिया फॉर्म पर नजर डालें तो पाकिस्तान ने पिछले पांच वनडे मैचों में सिर्फ दो मैच जीते हैं। जबकि भारत ने इतने ही मैचों में सिर्फ एक मैच हारा है। इस मैच में भी टीम इंडिया पुरानी प्लेइंग इलेवन के साथ मैदान पर उतर सकती है। ऋषभ पंत अभी भी बीमार हैं लेकिन इसका प्लेइंग इलेवन पर कोई असर पड़ने की संभावना नहीं है। माना जा रहा है कि पाकिस्तान की टीम अपनी गेंदबाजी में कुछ बदलाव कर सकती है, लेकिन कोच आकिब जावेद ने इससे साफ इनकार कर दिया है। हालांकि, चोटिल पाकिस्तानी खिलाड़ी फखर जमान की जगह इमाम उल हक खेलते नजर आएंगे।
पाकिस्तान के खिलाफ भारत की संभावित प्लेइंग इलेवन
रोहित शर्मा (कप्तान), शुभमन गिल, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर, केएल राहुल, हार्दिक पांड्या, अक्षर पटेल, रवींद्र जडेजा, मोहम्मद शमी, अर्शदीप सिंह, कुलदीप यादव





