नई दिल्ली/रफ्तार डेस्क। टीम इंडिया अपनी शानदार क्रिकेटिंग स्किल्स के लिए जानी जाती है। लगातार टीम इंडिया एक के बाद एक नए कीर्तिमान अपने नाम कर रही है। टी20 वर्ल्ड कप के बाद से तो टीम इंडिया का जोश दोगुना हो चुका है। हालांकि अगर कोई बात जो टीम के लिए सबसे ज्यादा परेशान कर रही है वो है कप्तान रोहित शर्मा की फॉर्म। हाल ही में बॉर्डर गावस्कर ट्रॉफी में भी रोहित की फॉर्म कुछ खास नहीं रही थी जिसके बाद उन्होंने खुद को सिडनी टेस्ट से बाहर रखने का फैसला किया था। अगर रोहित की यही फॉर्म चैंपियंस ट्रॉफी में बरकरार रही तो टीम इंडिया के लिए टेंशन का सबब बन सकता है।
रोहित की कप्तानी और फॉर्म बन रही है चिंता का सबब
टीम इंडिया की कमान संभालने वाले रोहित शर्मा अपनी बल्लेबाजी की कमान संभालने में नाकाम रहे हैं। चैंपिंयस ट्रॉफी में रोहित शर्मा के प्रदर्शन को लेकर इसलिए भी चिंताएं बनी हुई हैं क्योंकि न्यूजीलैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज में 91 रन बनाए। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ बॉर्डर गावस्कर ट्रॉफी में भी उनका बल्ला खामोश रहा और केवल 31 रन ही बना सके। इसके बाद वह रणजी खेलने के लिए भी उतरे थे। हालांकि जम्मू के खिलाफ रणजी में भी वह पहली पारी में कुछ खास कमाल नहीं कर पाए। इंग्लैंड के खिलाफ पहले वनडे मैच में भी उनका बल्ला खामोश रहा।
जसप्रीत बुमराह की फिटनेस बनी चिंता का विषय
जसप्रीत बुमराह की फिटनेस भी टीम इंडिया के लिए चिंता का सबब बनी हुई है। दरअसल, ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ बॉर्डर गावस्कर ट्रॉफी में बुमराह को चोट लग गई जिसके बाद उन्हें बीच मैच में ही स्कैन कराने के लिए अस्पताल जाना पड़ा था। अभी भी बुमराह चैंपियंस ट्रॉफी में खेला पाएंगे या नहीं इसे लेकर सस्पेंस बना हुआ है।




