नई दिल्ली,रफ्तार डेस्क। भारतीय क्रिकेट टीम के तेज गेंदबाज और ‘लॉर्ड’ के नाम से मशहूर शार्दुल ठाकुर के घर खुशियों ने दस्तक दी है। शार्दुल ठाकुर की पत्नी मिताली पारुलकर ने एक बेटे को जन्म दिया है, जिसके साथ ही शार्दुल पिता बन गए हैं। नए साल से ठीक पहले आई इस खुशखबरी से ठाकुर परिवार के साथ-साथ उनके फैंस भी बेहद खुश हैं।
सोशल मीडिया पर साझा की खुशखबरी
शार्दुल ठाकुर ने खुद सोशल मीडिया के जरिए इस खास पल की जानकारी दी। उन्होंने इंस्टाग्राम पर एक भावुक पोस्ट शेयर करते हुए बेटे के जन्म की घोषणा की। खास बात यह रही कि शार्दुल या मिताली ने इससे पहले प्रेग्नेंसी को लेकर कोई भी सार्वजनिक जानकारी नहीं दी थी, ऐसे में यह खबर फैंस के लिए एक बड़ा सरप्राइज रही। शार्दुल ने पोस्ट में लिखा कि उनका यह छोटा सा राज अब सबके सामने आ गया है और उन्होंने अपने बेटे का दिल से स्वागत किया। पोस्ट के साथ शेयर की गई तस्वीरों पर फैंस और क्रिकेट जगत से लगातार बधाइयों का सिलसिला जारी है।
दोस्ती से शादी तक का सफर
शार्दुल ठाकुर और मिताली पारुलकर एक-दूसरे को स्कूल के समय से जानते हैं। पहले दोस्ती हुई, फिर यह रिश्ता प्यार में बदला। नवंबर 2021 में दोनों ने सगाई की थी, जिसमें कई क्रिकेटर शामिल हुए थे। इसके बाद 27 फरवरी 2023 को दोनों शादी के बंधन में बंध गए।
कौन हैं मिताली पारुलकर?
मिताली पारुलकर सिर्फ एक क्रिकेटर की पत्नी नहीं, बल्कि एक सफल बिजनेसवुमन भी हैं। उन्होंने कॉमर्स की पढ़ाई की है और करियर की शुरुआत कंपनी सेक्रेटरी के तौर पर की थी। बाद में अपने शौक को अपनाते हुए उन्होंने ठाणे में ‘ऑल जैज बेकरी’ की शुरुआत की, जो आज काफी लोकप्रिय है। क्रिकेट करियर की बात करें तो शार्दुल ठाकुर ने 2017 में भारत के लिए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में डेब्यू किया था। अब तक वे 13 टेस्ट, 47 वनडे और 25 टी20 इंटरनेशनल मैच खेल चुके हैं। इस दौरान उन्होंने 131 विकेट लेने के साथ-साथ 775 रन भी बनाए हैं। आईपीएल 2026 में शार्दुल ठाकुर मुंबई इंडियंस की ओर से खेलते नजर आएंगे।





