नई दिल्ली / रफ्तार डेस्क । पूर्व पाकिस्तानी क्रिकेट कप्तान शाहिद अफरीदी ने भारतीय क्रिकेट पर फिर से प्रतिक्रिया दी है। इस बार उन्होंने टीम इंडिया के मुख्य कोच गौतम गंभीर की आलोचना की, लेकिन वहीं उन्होंने विराट कोहली और रोहित शर्मा की जमकर तारीफ की। अफरीदी ने कहा कि कोहली और रोहित टीम की सबसे बड़ी ताकत हैं और 2027 के ODI वर्ल्ड कप तक टीम को इनकी जरूरत बनी रहेगी।
क्या बोले शाहिद अफरीदी ?
शाहिद अफरीदी ने भारतीय टीम के दो स्टार बल्लेबाजों, विराट कोहली और रोहित शर्मा की जमकर तारीफ की है। अफरीदी ने कहा कि ये दोनों न केवल भारत के बल्कि दुनिया के सबसे भरोसेमंद ODI बल्लेबाजों में शुमार हैं। हाल ही में साउथ अफ्रीका के खिलाफ दोनों के शानदार प्रदर्शन को देखते हुए अफरीदी ने दावा किया कि कोहली और रोहित 2027 तक भारतीय टीम की मजबूत रीढ़ रहेंगे। उन्होंने आगे कहा “विराट और रोहित भारतीय बैटिंग लाइन-अप की असली ताकत हैं और उनके हालिया फॉर्म को देखकर लगता है कि वे लंबा समय तक टीम के लिए अहम बने रहेंगे।”
अफरीदी ने दिया सुझाव
शाहिद अफरीदी ने भारत के दो स्टार बल्लेबाजों, विराट कोहली और रोहित शर्मा को लेकर अपनी राय साझा की। उन्होंने कहा कि बड़े टूर्नामेंट और महत्वपूर्ण सीरीज में टीम को इन दोनों को जरूर उतारना चाहिए। वहीं, अगर भारतीय टीम किसी कमजोर विरोधी टीम के खिलाफ खेले, तो अफरीदी ने सुझाव दिया कि युवा खिलाड़ियों को अवसर देने के लिए कोहली और रोहित को आराम दिया जा सकता है।
अफरीदी ने गंभीर की कोचिंग पर साधा निशाना
शाहिद अफ्रीदी ने भारतीय टीम के हेड कोच गौतम गंभीर की कोचिंग शैली पर सीधे हमला किया है। अफरीदी ने कहा कि गंभीर ने कोच के तौर पर शुरुआत में ऐसा इम्प्रेशन दिया कि उन्हें हमेशा सही होने का भरोसा है, लेकिन समय ने साबित कर दिया कि हर बार सही होना संभव नहीं है। अफरीदी और गंभीर के बीच पहले भी मैदान पर कई बार विवाद हो चुका है। यह बयान ऐसे समय में आया है जब गंभीर ने पहले ही साफ कर दिया था कि 2027 वर्ल्ड कप अभी दूर है और टीम युवा खिलाड़ियों को मौका देकर नई दिशा देना चाहती है।
रोहित के ODI छक्कों के रिकॉर्ड तोड़ने पर अफरीदी खुश
अफरीदी ने रोहित शर्मा के हालिया रिकॉर्ड तोड़ने पर प्रतिक्रिया दी। अफरीदी ने कहा कि “रिकॉर्ड तोड़ने के लिए ही बनते हैं और मुझे खुशी है कि मेरा रिकॉर्ड किसी क्लासी बल्लेबाज जैसे रोहित ने तोड़ा।” रोहित ने साउथ अफ्रीका के खिलाफ रायपुर ODI में अपना 355वां छक्का जड़ते हुए अफरीदी (351 छक्के) को पीछे छोड़ दिया। अफरीदी ने इस उपलब्धि की सराहना करते हुए इसे खेल की प्रगति का हिस्सा बताया।
अफरीदी ने याद किया IPL 2008, रोहित को बताया मैच विनर
शाहिद अफरीदी ने रोहित शर्मा के खेल की तारीफ करते हुए अपने पुराने अनुभव साझा किए। उन्होंने कहा कि IPL 2008 में डेक्कन चार्जर्स के लिए खेलते समय उन्हें पहली बार एहसास हुआ कि रोहित भविष्य में भारतीय क्रिकेट के बड़े सितारे बनेंगे। अफरीदी ने कहा “उनकी बल्लेबाजी में वह क्लास थी जो किसी भी दिन मैच का रुख बदल सकती है।





