नई दिल्ली/रफ्तार डेस्क। आईसीसी महिला वर्ल्ड कप 2025 में शानदार प्रदर्शन कर सेमीफाइनल में पहुँच चुकी ऑस्ट्रेलियाई महिला क्रिकेट टीम की सुरक्षा में इंदौर में बड़ी चूक सामने आई है। शहर के होटल रैडिसन ब्लू के पास दो ऑस्ट्रेलियाई महिला खिलाड़ियों के साथ एक बाइक सवार युवक ने छेड़खानी का दुस्साहस किया। यह घटना तब हुई जब दोनों खिलाड़ी होटल से पास के एक कैफे की तरफ जा रही थीं। घटना के तुरंत बाद ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ियों ने सुरक्षा अधिकारियों को SOS नोटिफिकेशन भेजकर अलर्ट किया, जिसके बाद सुरक्षा कर्मी तुरंत मौके पर पहुंचे। इस घटना से पूरे सुरक्षा घेरे में हड़कंप मच गया।
राहगीर की मदद से आरोपी गिरफ्तार
ऑस्ट्रेलियाई टीम के सुरक्षा अधिकारी डैनी सिमंस की शिकायत पर तत्काल एमआईजी पुलिस स्टेशन में एफआईआर (FIR) दर्ज की गई। पुलिस की त्वरित कार्रवाई के बाद आरोपी को चंद घंटों के भीतर ही गिरफ्तार कर लिया गया।आरोपी की पहचान अकील खान के रूप में हुई है।
गिरफ्तारी का आधार
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि, एक चौकस राहगीर ने संदिग्ध की मोटरसाइकिल का नंबर नोट कर लिया था, जिसके आधार पर आरोपी अकील खान को पकड़ा गया। सहायक पुलिस आयुक्त हिमानी मिश्रा ने बताया कि, आरोपी अकील खान के खिलाफ पहले भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। जिसके बाद हिमानी मिश्रा ने दोनों खिलाड़ियों से मुलाकात कर उनके बयान दर्ज किए हैं और मामले की विस्तृत जांच जारी है।
साउथ अफ्रीका के खिलाफ मुकाबले से पहले हुई घटना
यह गंभीर घटना ऐसे समय में सामने आई है जब ऑस्ट्रेलियाई टीम आज (25 अक्टूबर, शनिवार) होलकर स्टेडियम में साउथ अफ्रीका के खिलाफ महिला क्रिकेट वर्ल्ड कप 2025 का अपना मुकाबला खेलने वाली है।
अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर भारतीय सुरक्षा व्यवस्था पर उठा सवाल
हालांकि, ऑस्ट्रेलिया और साउथ अफ्रीका दोनों ही टीमें पहले ही सेमीफाइनल का टिकट कटा चुकी हैं। इस मुकाबले में जीत दर्ज करने वाली टीम अंकतालिका में टॉप पर आ जाएगी। इस गंभीर सुरक्षा चूक ने अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर भारतीय सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।





