नई दिल्ली, रफ्तार डेस्क। महाराजा ट्रॉफी केएससीए टी-20 टूर्नामेंट के दूसरे सेमीफाइनल मुकाबले में शानदार बैटिंग देखने को मिली। मैसूर वॉरियर्स (Mysore Warriors) के कप्तान करुण नायर (Karun Nair) ने 40 गेंदों पर ही शतक जड़ा। इन्होंने 42 गेंदों पर 254.76 की स्ट्राइक रेट से नाबाद 107 रन बनाए। इसमें 7 चौके और 9 छक्के शामिल हैं। बता दें करुण नायर टेस्ट मैच की तीसरी पारी में तीहरा शतक भी जड़ चुके हैं।
करुण नायर की टीम को मिली जीत
करुण नायर (Karun Nair) की इस धाकड़ बल्लेबाजी की बदौलत उनकी टीम ने 20 ओवर में 2 विकेट के नुकसान पर 248 रन बनाए। गुलबर्ग की टीम ने भी जोरदार जवाब देनी कोशिश की, लेकिन वह 36 रनों से हार गए। गुलबर्ग की टीम ने 20 ओवर में 8 विकेट पर 212 रन बनाए।
मैसूर वॉरियर्स का का पहला विकेट 82 रन पर गिरा था
बता दें लीग के दूसरे सेमीफाइनल में मैसूर वॉरियर्स (Mysore Warriors) का मुकाबला गुलबर्ग मिस्टिक्स (Gulberg Mystics) से था। मैच में मैसूर के कप्तान करुण नायर थे। टीम ने पहले बल्लेबाजी की। मैसूर को शुरुआत अच्छी मिली। टीम का पहला विकेट 82 रन पर गिरा। इस मैच का असली धमाका, तब दिखा जब क्रीज पर कप्तान करुण नायर आए। इन्होंने आते ही गुलबर्ग के गेंदबाजों को धोना शुरू कर दिया।
26 गेंदों पर अर्धशतक जमाया
फर्स्ट डाउन बल्लेबाजी पर आए करुण नायर ने 26 गेंदों में अपनी फिफ्टी पूरी की। इसके बाद सिर्फ 14 गेंदों पर शतक का रास्ता तय कर लिया। कुल 40 गेंदों पर नायर ने शतक पूरा किया। T-20 क्रिकेट में उनका दूसरा शतक है। नायर नाबाद रहे। करुण को बल्लेबाजी के दौरान समर्थ का साथ मिला। इन दोनों खिलाड़ियों ने मिलकर 148 रन बनाए। टीम के 230 रनों के स्कोर पर समर्थ ने अपना विकेट गंवा दिया। समर्थ ने 50 गेंदों पर 80 रन बनाए, जिसमें 2 छक्के और 10 चौके शामिल हैं। दूसरा सेमीफाइनल मैच जीतकर करुण नायर की टीम लीग के फाइनल में पहुंच गई है। उनका मुकाबला टीम हुबली टाइगर्स से होगा।





