नई दिल्ली/रफ्तार डेस्क। रोहित शर्मा एंड कंपनी आज (Champions Trophy 2025 Final) दुबई के इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में चैंपियंस ट्रॉफी का फाइनल मुकाबला खेल रही है। कप्तान रोहित शर्मा जब टॉस के लिए मैदान पर उतरे तो फैंस को उम्मीद थी कि इस बार सिक्का उनके पक्ष में गिरेगा। लेकिन फैंस को एक बार फिर निराश होना पड़ा। टॉस न्यूजीलैंड के कप्तान मिचेल सैंटनर ने जीता। इसके साथ ही रोहित शर्मा लगातार 12 टॉस हार गए। उनके नाम एक शर्मनाक रिकॉर्ड दर्ज हो गया। इसके अलावा टीम ने यह लगातार 15वां टॉस हारा है।
ब्रायन लारा के रिकॉर्ड की बराबरी की
रोहित शर्मा वनडे क्रिकेट में टॉस के मामले में लगातार फेल हो रहे हैं। चैंपियन ट्रॉफी के फाइनल में टॉस करने उतरे रोहित शर्मा एक बार फिर टॉस हार गए। अब उनके नाम वनडे क्रिकेट में लगातार 12 टॉस हारने का रिकॉर्ड (Rohit Sharma Records) दर्ज हो गया है। हालांकि यह रिकॉर्ड ब्रायन लारा के नाम भी दर्ज है। उन्होंने भी 12 लगातार टॉस हारे थे लिहाजा ये रिकॉर्ड रोहित शर्मा और ब्रायन लारा के नाम संयुक्त रूप से दर्ज हो गया है। इससे पहले ये रिकॉर्ड नीदरलैंड के नाम पर था। नीदरलैंड के लिए पीटर बोरेन ने लगातार 11 वनडे मैच में टॉस हारा था।
वनडे क्रिकेट में लगातार सबसे ज्यादा टॉस हारने वाले कप्तान
रोहित शर्मा- 12
ब्रायन लारा- 12
पीटर बोरेन- 11
दोनों टीमों की प्लेइंग इलेवन इस प्रकार है:-
न्यूजीलैंड (प्लेइंग इलेवन): विल यंग, रचिन रवींद्र, केन विलियमसन, डेरिल मिशेल, टॉम लैथम (विकेट कीपर), ग्लेन फिलिप्स, माइकल ब्रेसवेल, मिचेल सेंटनर (कप्तान), काइल जैमीसन, विलियम ओ’रूर्के, नाथन स्मिथ।
भारत (प्लेइंग इलेवन): रोहित शर्मा (कप्तान), शुभमन गिल, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर, अक्षर पटेल, केएल राहुल (विकेट कीपर), हार्दिक पांड्या, रवींद्र जडेजा, मोहम्मद शमी, कुलदीप यादव, वरुण चक्रवर्ती।





