नई दिल्ली / रफ्तार डेस्क । भारतीय क्रिकेट टीम के मुख्य कोच गौतम गंभीर पर दबाव लगातार बढ़ता जा रहा है। दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ घरेलू टेस्ट सीरीज में 0-2 से हार के बाद उनके कोचिंग स्टाइल पर कई सवाल उठने लगे हैं। दो लगातार घरेलू टेस्ट सीरीज में वाइटवॉश का सामना करने के बाद, गंभीर इतिहास के पहले ऐसे भारतीय कोच बन गए हैं जिन्होंने इस तरह की स्ट्रगल का सामना किया है। इसके कारण उनकी रणनीति और टीम मैनेजमेंट पर चर्चाएं और भी तेज हो गई हैं।
रवि शास्त्री ने गौतम गंभीर को दी चेतावनी
पूर्व भारतीय मुख्य कोच रवि शास्त्री ने मीडिया को इंटरव्यू में गौतम गंभीर को सीधे शब्दों में चेतावनी दी। शास्त्री ने कहा कि इस समय घबराने की बजाय गंभीर को धैर्य और संयम बनाए रखना चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि अगर टीम का प्रदर्शन निराशाजनक रहा, तो गंभीर को कोच पद से हटाया भी जा सकता है।
शास्त्री ने आगे सलाह देते हुए कहा कि परिणाम खराब होने पर हटाया जा सकता है, इसलिए धैर्य रखें। इस समय आपका सबसे बड़ा हथियार है सही कम्युनिकेशन और मैन-मैनेजमेंट। यही आपको खिलाड़ियों को जीत के लिए प्रेरित करने में मदद करेगा। उन्होंने यह भी कहा कि कोच को दबाव में फंसने के बजाय अपने काम का आनंद लेना चाहिए और चुनौती को समझदारी से संभालना चाहिए।
कैसा रहा गौतम गंभीर का डेढ़ साल का कार्यकाल
गौतम गंभीर के डेढ़ साल के कोचिंग कार्यकाल में टीम इंडिया ने कुछ बड़े सफलताएं भी हासिल की हैं। भारत ने बिना कोई मैच हारे आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी 2025 जीती। एशिया कप 2025 के टूर्नामेंट में भी टीम ने हर मैच में जीत दर्ज की। लेकिन टेस्ट क्रिकेट में टीम की गिरती फॉर्म ने प्रशंसकों और विशेषज्ञों को चौंका दिया।
गंभीर की कोचिंग में भारत
घरेलू मैदान पर न्यूज़ीलैंड से वाइटवॉश झेल चुका है। घरेलू मैदान पर दक्षिण अफ्रीका से वाइटवॉश हुआ और ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ विदेशी दौरे में हार का सामना किया। इस तरह डेढ़ साल में गंभीर के कार्यकाल में टीम ने लिमिटेड ओवर्स में शानदार प्रदर्शन किया, लेकिन टेस्ट क्रिकेट में निरंतरता नहीं दिखा पाई।
गौतम गंभीर और सीनियर खिलाड़ियों के बीच ‘ट्यूनिंग’ पर सवाल
मीडिया रिपोर्ट्स में यह लगातार चर्चा का विषय बना हुआ है कि गौतम गंभीर का रिश्ता टीम के सीनियर खिलाड़ियों विराट कोहली और रोहित शर्मा के साथ पहले जैसा सहज नहीं रहा। हालांकि भारतीय क्रिकेट टीम की ओर से इस मामले पर कोई आधिकारिक टिप्पणी नहीं आई है, लेकिन सोशल मीडिया पर यह मुद्दा काफी सुर्खियां बटोर रहा है और फैंस और एक्सपर्ट्स दोनों की नजरों में चर्चा का विषय बना हुआ है।
गौतम गंभीर की अगली परीक्षा
गौतम गंभीर की अगली बड़ी चुनौती अगले साल भारत में होने वाले T20 वर्ल्ड कप 2026 में होगी। घरेलू परिस्थितियों में टीम इंडिया को खिताब का प्रबल दावेदार माना जा रहा है। ऐसे में टीम का मजबूत संयोजन तैयार करना, खिलाड़ियों के बीच बेहतर तालमेल बनाना और जीत की मानसिकता कायम रखना गंभीर की जिम्मेदारी होगी।





