प्रयागराज, 17 जून (हि.स.)। उत्तर मध्य रेलवे की दो महिला हॉकी खिलाड़ी गुरजीत कौर और निशा को टोक्यो ओलम्पिक में भाग लेने के लिए भारतीय हॉकी महिला टीम के लिए चुना गया है। निशा और गुरजीत कौर सीनियर क्लर्क हैं और वर्तमान में प्रयागराज में तैनात हैं। महाप्रबंधक उत्तर मध्य रेलवे वीके त्रिपाठी ने दोनों खिलाड़ियों को बधाई देते हुए आगामी खेलों में शानदार प्रदर्शन के लिए पूरी टीम को शुभकामनाएं दी हैं। टोक्यो ओलम्पिक 2020 में भाग लेने के लिए भारतीय हॉकी महिला टीम के लिए जिन भारतीय रेल हॉकी महिला खिलाड़ियों का चयन किया गया है, दीप ग्रेस एक्का (पश्चिम रेल), निक्की प्रधान (दक्षिण पूर्व रेल), गुरजीत कौर (उत्तर मध्य रेल), निशा (उत्तर मध्य रेल), नेहा (उत्तर रेल), सुशीला चानू (मध्य रेल), मोनिका (मध्य रेल), नवजोत कौर (आरसीएफ), सलीमा टेटे (दक्षिण पूर्व रेल), नवनीत कौर (पश्चिम रेल), लालरेम्सियामी (आरसीएफ), वंदना कटरिया (मध्य रेल), शर्मिला उत्तर रेल में भर्ती प्रक्रियाधीन हैं। भारतीय टीम की चुनी गई 16 खिलाड़ियों में से 13 खिलाड़ी भारतीय रेलवे से हैं। हिन्दुस्थान समाचार/विद्या कान्त




