नई दिल्ली, रफ्तार डेस्क । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को 7 लोक कल्याण मार्ग पर वर्ल्ड कप विजेता भारतीय महिला क्रिकेट टीम से मुलाकात की। उन्होंने खिलाड़ियों की शानदार जुझारूपन और साहसिक वापसी की सराहना करते हुए टीम की जीत पर बधाई दी, और उनके योगदान को भारतीय खेल की नई प्रेरणा बताया।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि टीम ने तीन लगातार हारों के बाद शानदार वापसी कर ऐतिहासिक जीत दर्ज की। मुलाकात में पीएम ने खिलाड़ियों से जुड़े मजेदार किस्से भी साझा किए। इसके अलावा, गुरुवार (6 नवंबर) को चैम्पियन भारतीय महिला क्रिकेट टीम राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से भी मिलने वाली है।
खिलाड़ियों को सोशल मीडिया ट्रोलिंग का सामना करना पड़ा, लेकिन उन्होंने अद्भुत मानसिक मजबूती दिखाते हुए शानदार वापसी की और इतिहास रचा। पीएम ने उनकी मेहनत और जुझारूपन की सराहना की। वही, टीम आज (6 नवंबर) राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से भी मिलने वाली है।
आज टीम ट्रॉफी के साथ लौटी है- हरमनप्रीत कौर
कप्तान हरमनप्रीत कौर ने 2017 वर्ल्ड कप के बाद प्रधानमंत्री से पिछली मुलाकात को याद करते हुए कहा कि तब टीम बिना ट्रॉफी लौटी थी, लेकिन इस बार वे सफलता के साथ लौटे हैं। उन्होंने पीएम से जीवन प्रबंधन के बारे में पूछा। उपकप्तान स्मृति मंधाना ने मोदी के शब्दों को प्रेरणादायक बताया।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात करने के लिए हरमनप्रीत कौर की अगुवाई वाली भारतीय महिला क्रिकेट टीम मंगलवार शाम दिल्ली पहुंची। टीम ने इससे दो दिन पहले नवी मुंबई में फाइनल में दक्षिण अफ्रीका को 52 रन से हराकर अपना पहला वनडे वर्ल्ड कप खिताब जीता।
दीप्ति शर्मा से किया हनुमान जी का जिक्र
टूर्नामेंट की सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी दीप्ति शर्मा ने पीएम मोदी से कहा कि, 2017 से ही उनसे मिलने का इंतजार था। उन्होंने याद किया कि पीएम ने तब टीम को लगातार मेहनत करने की प्रेरणा दी थी। जब मोदी ने उनके इंस्टाग्राम बायो और हाथ के भगवान हनुमान के टैटू का जिक्र किया, तो दीप्ति मुस्कुराईं और कहा कि यही उन्हें शक्ति देता है।
पीएम मोदी ने कुछ यादगार पलों को भी याद किए
प्रधानमंत्री मोदी ने मुलाकात के दौरान कुछ यादगार पलों को भी याद किया, जिसमें 2021 में इंग्लैंड के खिलाफ हरलीन देओल का शानदार कैच शामिल था। उन्होंने उस समय इस कैच की तारीफ सोशल मीडिया पर भी की थी।
हरमन के लास्ट बॉल कैच को याद किया
प्रधानमंत्री मोदी ने विश्व कप फाइनल के बाद हरमनप्रीत कौर द्वारा गेंद अपनी जेब में रखने का जिक्र किया। मुस्कुराते हुए हरमनप्रीत ने कहा कि वह खुशकिस्मत थीं कि गेंद उनके पास आ गई।
अमनजोत के जगलिंग कैच का जिक्र
प्रधानमंत्री मोदी ने फाइनल में अमनजोत कौर के जगलिंग कैच का जिक्र किया और मुस्कुराते हुए कहा, “जब तुम कैच ले रही थीं, तब गेंद पर ध्यान था, लेकिन कैच के बाद ज़रूर ट्रॉफी की ओर देख रही होंगी।”
क्रांति गौड़ के भाई को दिया बुलावा
क्रांति गौड़ ने प्रधानमंत्री से कहा कि उनके भाई उनके बड़े प्रशंसक हैं। इस पर पीएम मोदी ने मुस्कुराते हुए उन्हें मिलने का खुला निमंत्रण दिया।
‘फिट इंडिया’ संदेश फैलाने की अपील
प्रधानमंत्री मोदी ने खिलाड़ियों से ‘फिट इंडिया’ संदेश फैलाने की अपील की, खासकर लड़कियों में। उन्होंने मोटापे की बढ़ती समस्या पर चिंता जताई और फिटनेस व खेलकूद के महत्व पर जोर दिया। मोदी ने कहा कि खिलाड़ी अपने स्कूलों का दौरा कर बच्चों को खेल अपनाने के लिए प्रेरित करें। अब टीम अपने-अपने गृह नगर लौटेगी, जबकि शेफाली वर्मा नागालैंड जाकर इंटर-ज़ोनल टी20 में नॉर्थ जोन की कप्तानी करेंगी।
ODI खिताब जीतने वाली चौथी टीम
भारत की महिला क्रिकेट टीम की विश्व कप जीत देश के लिए ऐतिहासिक पल साबित हुई। हरमनप्रीत कौर की कप्तानी में टीम ने मजबूत साउथ अफ्रीका को हराकर ओडीआई खिताब जीतने वाली चौथी टीम बनने का गौरव हासिल किया, जिससे वर्षों की मेहनत और अधूरे सपनों को सफलता मिली।





