नई दिल्ली / रफ्तार डेस्क । खेल मंत्रालय के एक सूत्र ने गुरुवार को बताया कि पाकिस्तान की हॉकी टीम को अगले महीने भारत में होने वाले एशिया कप में भाग लेने से नहीं रोका जाएगा। इसका मतलब है कि पाकिस्तान की हॉकी टीम एशिया कप के साथ-साथ जूनियर हॉकी वर्ल्ड कप में भी खेलने के लिए भारत आएगी।
सूत्र ने यह भी कहा कि वे किसी भी अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट में किसी टीम के भारत में खेलने के खिलाफ नहीं हैं, लेकिन द्विपक्षीय मुकाबलों (सिर्फ भारत और पाकिस्तान के बीच) के मामले अलग हैं। एशिया कप हॉकी टूर्नामेंट 27 अगस्त से 7 सितंबर तक बिहार के राजगीर में आयोजित होगा।
ऑपरेशन सिंदूर’ के कारण टूर्नामेंट में पाक की भागीदारी को लेकर था संदेह
‘ऑपरेशन सिंदूर’ के कारण अगले महीने होने वाले एशिया कप हॉकी टूर्नामेंट में पाकिस्तान की भागीदारी को लेकर संदेह जताया जा रहा था। इसके अलावा, नवंबर-दिसंबर में आयोजित होने वाले जूनियर विश्व कप में भी पाकिस्तान की टीम को खेलने की अनुमति मिलने की संभावना है।
हॉकी इंडिया के सचिव भोला नाथ सिंह ने इस संदर्भ में बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि वे पूरी तरह सरकार के निर्देशों के अनुरूप ही काम करेंगे और सरकार जो निर्णय करेगी, वही उनका रुख होगा। भोला नाथ सिंह का यह बयान स्पष्ट करता है कि हॉकी इंडिया किसी भी राजनीतिक या कूटनीतिक मसले में हस्तक्षेप नहीं करेगा और केवल सरकार के फैसलों का पालन करेगा।
क्रिकेट के मैदान पर भी होगी जबरदस्त भिड़ंत
भारत और पाकिस्तान के बीच मेन्स टी20 एशिया कप 2025 में मुकाबला होने की संभावना है। यह टूर्नामेंट 4 या 5 सितंबर से शुरू होकर 21 सितंबर तक चलेगा। भारत-पाकिस्तान का मैच यूएई (UAE) में होने की संभावना जताई जा रही है। फाइनल शेड्यूल और मैच के स्थान का आधिकारिक ऐलान जल्द किया जाएगा। टूर्नामेंट के लिए यूएई को न्यूट्रल वेन्यू के रूप में लगभग तय माना जा रहा है। भारत और पाकिस्तान का यह बड़ा मुकाबला 7 सितंबर को दुबई में खेला जाएगा। इसी मैदान पर दोनों टीमें हाल ही में ICC चैम्पियंस ट्रॉफी 2025 में भी आमने-सामने आई थीं।





