नई दिल्ली,रफ्तार डेस्क। कराची के नेशनल स्टेडियम में आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी 2025 का आगाज हो गया है। टूर्नामेंट के पहले मुकाबले में पाकिस्तान और न्यूजीलैंड आमने-सामने हैं। पाकिस्तान ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। न्यूजीलैंड की शुरुआत थोड़ी धीमी रही, लेकिन विल यंग ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए टीम को मजबूती दी। न्यूज़ीलैंड ने 5 विकेट के नुकसान पर 50 ओवरों में 320 रन बनाए। पाकिस्तान को 321 रनों का लक्ष्य दिया है।
विल यंग का शानदार अर्धशतक
न्यूजीलैंड के बल्लेबाज विल यंग जबरदस्त फॉर्म में नजर आ रहे हैं। उन्होंने अपनी टीम के लिए 11वां वनडे अर्धशतक जड़ दिया है। यंग ने संयम और आक्रामकता के साथ बल्लेबाजी की और पाकिस्तानी गेंदबाजों के सामने टिके रहे। पाकिस्तान को मुकाबले की शुरुआत में ही बड़ा झटका लगा, जब ओपनर फखर जमान चोटिल होकर मैदान से बाहर चले गए। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने बताया कि उनकी मांसपेशियों में खिंचाव की जांच की जा रही है। चोट के कारण वह सिर्फ दो गेंद ही खेल सके और टीम के लिए यह एक बड़ी चिंता का विषय है।
न्यूजीलैंड और पाकिस्तान की प्लेइंग इलेवन
पाकिस्तान की टीम:फखर जमान, बाबर आजम, सऊद शकील, मोहम्मद रिजवान (कप्तान/विकेटकीपर), सलमान आगा, तैय्यब ताहिर, खुशदिल शाह, शाहीन अफरीदी, नसीम शाह, हारिस रऊफ, अबरार अहमद।
न्यूजीलैंड की टीम: डेवोन कॉन्वे, विल यंग, केन विलियमसन, डेरिल मिशेल, टॉम लाथम (विकेटकीपर), ग्लेन फिलिप्स, माइकल ब्रेसवेल, मिशेल सेंटनर (कप्तान), नाथन स्मिथ, मैट हेनरी, विलियम ओ’रूर्के।
पाकिस्तान की गेंदबाजी में शाहीन और नसीम का जलवा
पाकिस्तानी गेंदबाजों ने अच्छी शुरुआत की और न्यूजीलैंड के तीन विकेट जल्दी गिरा दिए। शाहीन अफरीदी और नसीम शाह की तेज गेंदबाजी से कीवी बल्लेबाजों को परेशानी हुई। हालांकि, विल यंग ने पारी को संभालते हुए टीम को स्थिरता दी। न्यूजीलैंड की टीम इस समय संभलकर खेल रही है, और उनकी नजरें एक बड़े स्कोर पर हैं। वहीं, पाकिस्तान की कोशिश होगी कि वे जल्द से जल्द विकेट निकालकर कीवी टीम को कम स्कोर पर रोकें। देखना दिलचस्प होगा कि पहला मुकाबला किसके पक्ष में जाता है।





