नई दिल्ली/रफ्तार डेस्क। आईसीसी ने मंगलवार, 23 दिसंबर को महिला क्रिकेटरों की ताजा रैंकिंग जारी कर दी है, जिसमें भारत के लिए बड़ी और ऐतिहासिक खबर सामने आई है। भारतीय ऑलराउंडर दीप्ति शर्मा पहली बार महिला टी20 गेंदबाजों की रैंकिंग में दुनिया की नंबर-1 खिलाड़ी बन गई हैं। दीप्ति के खाते में कुल 737 रेटिंग पॉइंट्स हैं, जबकि ऑस्ट्रेलिया की एन्नाबेल सदरलैंड 736 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर खिसक गई हैं। यह उपलब्धि दीप्ति के लगातार बेहतरीन प्रदर्शन का नतीजा मानी जा रही है।
श्रीलंका के खिलाफ प्रदर्शन बना नंबर-1 बनने की वजह
दीप्ति शर्मा ने श्रीलंका के खिलाफ 21 दिसंबर को खेले गए पहले टी20 मुकाबले में शानदार गेंदबाजी करते हुए 20 रन देकर 1 विकेट झटका था। इसी प्रदर्शन के चलते उनकी रेटिंग में इजाफा हुआ और वह एन्नाबेल सदरलैंड से महज एक अंक आगे निकल गईं। खास बात यह है कि दीप्ति शर्मा पहली बार टी20 गेंदबाजों की रैंकिंग में शीर्ष पर पहुंची हैं, जो भारतीय महिला क्रिकेट के लिए बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है।
स्मृति मंधाना को लगा झटका, टॉप पोजिशन हाथ से गई
जहां एक ओर दीप्ति शर्मा के लिए यह रैंकिंग खुशखबरी लेकर आई, वहीं भारतीय स्टार बल्लेबाज स्मृति मंधाना को महिला वनडे बल्लेबाजों की रैंकिंग में नुकसान उठाना पड़ा है। स्मृति को अपना नंबर-1 स्थान गंवाना पड़ा है और वह 811 रेटिंग पॉइंट्स के साथ दूसरे स्थान पर खिसक गई हैं। दक्षिण अफ्रीका की लौरा वोल्वार्ड्ट ने 820 रेटिंग पॉइंट्स के साथ शीर्ष स्थान हासिल कर लिया है।
बल्लेबाजी रैंकिंग में टॉप-10 में ज्यादा बदलाव नहीं
महिला वनडे बल्लेबाजों की रैंकिंग में टॉप-10 खिलाड़ियों की सूची में ज्यादा फेरबदल देखने को नहीं मिला है। तीसरे स्थान पर ऑस्ट्रेलिया की एश्ले गार्डनर और चौथे स्थान पर इंग्लैंड की नेट साइवर-ब्रंट बनी हुई हैं। इसके अलावा अन्य खिलाड़ियों की पोजिशन में भी कोई खास बदलाव नहीं हुआ है।
ऑलराउंडर रैंकिंग में भी दीप्ति का दिखा दम
दीप्ति शर्मा का दबदबा सिर्फ गेंदबाजी तक सीमित नहीं है। वह महिला वनडे ऑलराउंडर रैंकिंग में चौथे और टी20 ऑलराउंडर रैंकिंग में तीसरे स्थान पर बनी हुई हैं। वनडे ऑलराउंडर्स की सूची में ऑस्ट्रेलिया की एश्ले गार्डनर 498 रेटिंग पॉइंट्स के साथ पहले स्थान पर हैं, जबकि टी20 ऑलराउंडर रैंकिंग में वेस्टइंडीज की हेली मैथ्यूज टॉप पर काबिज हैं।
टीम रैंकिंग में कोई बदलाव नहीं
आईसीसी की महिला टीमों की रैंकिंग में इस बार कोई बदलाव नहीं हुआ है। ऑस्ट्रेलियाई महिला टीम वनडे और टी20 दोनों फॉर्मेट में नंबर-1 बनी हुई है। भारतीय महिला क्रिकेट टीम दोनों ही फॉर्मेट में तीसरे स्थान पर कायम है।





