नई दिल्ली/रफ्तार डेस्क। बॉलीवुड अभिनेता वरुण धवन इन दिनों अपनी फिल्म बॉर्डर 2 को लेकर चर्चा में हैं, लेकिन इसी बीच एक इंस्टाग्राम वीडियो ने उन्हें विवादों में ला खड़ा किया है। वरुण ने हाल ही में मुंबई मेट्रो से सफर करते हुए एक वीडियो शेयर किया था, जिसमें वह मेट्रो के अंदर पुलअप्स करते नजर आए। वीडियो सामने आते ही यह मामला महा मुंबई मेट्रो ऑपरेशन कॉरपोरेशन लिमिटेड (MMMOCL) की नजर में आ गया।
मुंबई मेट्रो प्रशासन की सख्त चेतावनी
वीडियो पर संज्ञान लेते हुए MMMOCL ने वरुण धवन को नाम लेकर सख्त चेतावनी जारी की। मेट्रो प्रशासन ने साफ लिखा कि मुंबई मेट्रो में इस तरह के स्टंट्स न किए जाएं। साथ ही यह भी चेताया गया कि मेट्रो परिसर में ऐसे व्यवहार पर कानूनी कार्रवाई और सजा हो सकती है। मेट्रो ने यह भी कहा कि ग्रैब हैंडल्स लटकने या एक्सरसाइज करने के लिए नहीं होते।
डिसक्लेमर के बिना वीडियो पोस्ट करना भी बना मुद्दा
मुंबई मेट्रो ने अपने आधिकारिक बयान में कहा कि इस तरह के वीडियो डिसक्लेमर के साथ होने चाहिए, जैसा कि फिल्मों में होता है। बयान में लिखा गया,
“वरुण धवन- महा मुंबई मेट्रो में यह जरा भी ट्राई न करें। हम समझते हैं कि दोस्तों के साथ मेट्रो में सफर करना अच्छा लगता है, लेकिन ग्रैब हैंडल्स लटकने के लिए नहीं हैं।
प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया कि इस तरह की हरकतें मेट्रो एक्ट 2002 के तहत दंडनीय हैं। गंभीर मामलों में जुर्माने के साथ जेल तक की सजा हो सकती है।
बॉर्डर 2 के प्रमोशन में मेट्रो सफर
दरअसल, वरुण धवन की फिल्म बॉर्डर 2 23 जनवरी को रिलीज हुई है। प्रमोशन के तहत वरुण ने मेट्रो से थिएटर जाने का वीडियो बनाया था। वीडियो में वह ट्रैफिक से बचने की बात करते हुए यात्रियों से बातचीत करते और पुलअप्स करते दिखे। उन्होंने फैंस से यह भी पूछा था कि वह किस थिएटर में फिल्म देखने जा रहे हैं।
सोशल मीडिया पर उड़े मजे
मेट्रो प्रशासन की चेतावनी के बाद सोशल मीडिया पर यूजर्स की प्रतिक्रियाओं की बाढ़ आ गई। किसी ने लिखा, “पब्लिक ट्रांसपोर्ट सम्मान के हकदार हैं।
एक यूजर ने कहा, “यह जरूरी जागरूकता थी, बहुत अच्छा किया मेट्रो टीम।
वहीं कुछ लोगों ने तंज कसते हुए लिखा, “करवा ली बेइज्जती?” और “वरुण पर एक्शन लो।
हालांकि कुछ यूजर्स ने इसे मेट्रो सेफ्टी का अच्छा रिमाइंडर भी बताया।
सेलेब्स के लिए भी नियम बराबर
इस पूरे मामले ने एक बार फिर साफ कर दिया कि पब्लिक ट्रांसपोर्ट में नियम सभी के लिए समान हैं, चाहे वह आम यात्री हो या बड़ा बॉलीवुड स्टार। मेट्रो प्रशासन ने यात्रियों से जिम्मेदारी के साथ यात्रा करने की अपील की है।





