नई दिल्ली/रफ्तार डेस्क। भारतीय क्रिकेट टीम के तेज गेंदबाज Mohammed Shami को चेक बाउंस मामले में बड़ी राहत मिली है। कोलकाता की अलीपुर कोर्ट ने उन्हें इस केस में बरी कर दिया है। यह मामला उनकी अलग रह रही पत्नी Hasin Jahan से जुड़ा था, जिन्होंने शमी पर घरेलू खर्च के लिए दिया गया चेक बाउंस होने का आरोप लगाया था।
मामला करीब चार साल से अदालत में चल रहा था। हसीन जहां का आरोप था कि शमी ने उन्हें 1 लाख रुपये का चेक दिया था, जो बैंक में लगाने पर बाउंस हो गया। हालांकि सुनवाई के बाद अलीपुर कोर्ट ने बुधवार को फैसला सुनाते हुए शमी को सभी आरोपों से मुक्त कर दिया।
कोर्ट ने अपने आदेश में यह भी कहा कि हसीन जहां को हर महीने डेढ़ लाख रुपये और उनकी बेटी को ढाई लाख रुपये की सहायता राशि मिलती रहेगी। यह व्यवस्था मामले के अंतिम निपटारे तक वित्तीय स्थिरता बनाए रखने के लिए उचित मानी गई है।
इससे पहले कलकत्ता हाईकोर्ट ने भी शमी को पत्नी और बेटी के लिए कुल 4 लाख रुपये प्रति माह गुजारा भत्ता देने का आदेश दिया था। बाद में हसीन जहां ने इस रकम को बढ़ाकर 10 लाख रुपये करने की मांग करते हुए सुप्रीम कोर्ट का रुख किया था।
गौरतलब है कि मोहम्मद शमी और हसीन जहां के बीच विवाद पिछले कई वर्षों से चर्चा में रहा है। दोनों के बीच घरेलू हिंसा, गुजारा भत्ता और अन्य कानूनी मामलों को लेकर कई बार अदालत में सुनवाई हो चुकी है।





