नई दिल्ली, रफ्तार डेस्क । दक्षिण अफ्रीका के दिग्गज क्रिकेटर जोंटी रोड्स ने दिल्ली की प्रदूषित हवा पर चिंता जताई है। उन्होंने अपने एक्स अकाउंट पर दिल्ली की एयर क्वालिटी की तुलना गोवा से करते हुए पोस्ट साझा की, जिससे सोशल मीडिया पर बहस छिड़ गई। रोड्स के इस बयान पर लोग तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं।
साउथ अफ्रीका क्रिकेट टीम के कोच जोंटी रोड्स ने दिल्ली की हवा को लेकर टिप्पणी करते हुए लिखा, “आज रांची जाते समय जब दिल्ली से गुजरा तो यहां की हवा सहन करना हमेशा की तरह मुश्किल लगा। मैं खुद को सौभाग्यशाली मानता हूं कि साउथ गोवा के एक छोटे फिशिंग विलेज में रहता हूं।”
साउथ अफ्रीका के दिग्गज क्रिकेटर जोंटी रोड्स ने गोवा की स्वच्छ हवा की प्रशंसा करते हुए लिखा, “मेरे घर से सूर्यास्त कुछ ऐसा दिखता है, और तस्वीर में फुटबॉल खेलते बच्चे मेरे ही हैं। लेकिन दिल्ली जैसी जगहों पर इन बच्चों को शायद घर के अंदर रहने की सलाह दी जाती।”
दिल्ली का AQI 400 पार
दिल्ली की हवा हर गुजरते दिन के साथ और जहरीली होती जा रही है। सोमवार, 10 नवंबर की सुबह राजधानी के कई इलाकों में एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 400 के पार पहुंच गया, जो ‘गंभीर श्रेणी’ में आता है। बढ़ते प्रदूषण ने दिल्लीवासियों की सांस लेना तक मुश्किल कर दिया है।
AQI 412 पार पहुंचा
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के अनुसार, दिल्ली के बवाना क्षेत्र में प्रदूषण स्तर सबसे अधिक दर्ज किया गया, जहां AQI 412 पहुंच गया। यह दर्शाता है कि राजधानी की हवा खतरनाक स्थिति में है। इसी बढ़ते प्रदूषण पर साउथ अफ्रीकी क्रिकेटर जोंटी रोड्स ने भी अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर चिंता जताई है।
जोंटी रोड्स का क्रिकेटिंग करियर
दक्षिण अफ्रीका के पूर्व क्रिकेटर जोंटी रोड्स ने अपने 11 साल के वनडे करियर में 245 मैच खेलते हुए 35.11 की औसत से 5,935 रन बनाए। टेस्ट क्रिकेट में उन्होंने 52 मैचों की 80 पारियों में 2,532 रन जोड़े। रोड्स का टेस्ट में सर्वोच्च स्कोर 117 और वनडे में 121 रन रहा।





