नई दिल्ली/रफ्तार डेस्क। IPL में दिल्ली कैपिटल्स टीम से खेलने वाले युवा ऑलराउंडर विपराज निगम ब्लैकमेलिंग और धमकी का शिकार हुए हैं। विपराज निगम ने बाराबंकी कोतवाली नगर में एक महिला के खिलाफ FIR दर्ज करवाई है, जिसमें उन्होंने आरोप लगाया है कि उन्हें अनुचित मांगें पूरी न करने पर वीडियो वायरल करने की धमकी दी जा रही है।
धमकियों का सिलसिला: अंतरराष्ट्रीय कॉल्स तक का डर
विपराज ने पुलिस को बताया कि, एक अज्ञात महिला लगातार अनुचित माँगें कर रही थी। और मांगें पूरी न होने पर वीडियो वायरल करने की धमकी दी जा रही थी। नंबर ब्लॉक करने पर उन्हें कई अंतरराष्ट्रीय नंबरों से धमकी भरे कॉल्स आने लगे। धमकियाँ उनके और परिवार की प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने की थीं। खिलाड़ी ने कहा कि इस पूरे मामले से उनका करियर और मानसिक स्वास्थ्य बुरी तरह प्रभावित हो रहा है।
सोशल मीडिया विवाद ने बढ़ाई आग
मामला तब सुर्खियों में आया जब एक महिला पत्रकार ने X (पूर्व में ट्विटर) पर पोस्ट कर विपराज पर गंभीर आरोप लगाए। पत्रकार का दावा था कि पीड़िता न्याय पाने के लिए नोएडा पुलिस के चक्कर काट रही थी, लेकिन उसकी शिकायत पर सुनवाई नहीं हुई।
कौन हैं विपराज निगम?
21 वर्षीय विपराज निगम घरेलू क्रिकेट में उत्तर प्रदेश (UP) की टीम से खेलते हैं।उन्हें IPL 2025 सीजन से पहले दिल्ली कैपिटल्स ने ₹50 लाख में अपनी टीम में शामिल किया था। उन्होंने अपने डेब्यू सीजन में 14 मैचों में 142 रन बनाए और 11 विकेट लिए।वह आज (13 नवंबर) से शुरू होने वाली भारत-ए और साउथ अफ्रीका-ए के बीच वनडे सीरीज में भी खेलते नजर आएंगे।पुलिस ने FIR दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। खिलाड़ी ने ठोस कार्रवाई की मांग की है।




