नई दिल्ली,रफ्तार डेस्क। आईपीएल 2026 से पहले राजस्थान रॉयल्स की टीम में बड़े बदलाव देखने को मिल रहे हैं। सबसे बड़ा बदलाव कप्तानी को लेकर है। टीम ने अपने कप्तान संजू सैमसन को ट्रेड कर चेन्नई सुपर किंग्स भेज दिया है। इसके बदले राजस्थान रॉयल्स ने अनुभवी ऑलराउंडर रविंद्र जडेजा और इंग्लैंड के सैम करन को अपने साथ जोड़ा है। संजू के जाने के बाद अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि राजस्थान रॉयल्स की कप्तानी कौन संभालेगा।
सोशल मीडिया पोस्ट से बढ़ी हलचल
हाल ही में राजस्थान रॉयल्स ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट पर रविंद्र जडेजा की एक तस्वीर शेयर की। इस पोस्ट के कैप्शन में लिखा था, जल्द ही थालापथी, तमिल भाषा में थालापथी का मतलब लीडर या कमांडर होता है। इस एक शब्द ने फैंस के बीच अटकलों को तेज कर दिया है कि शायद आईपीएल 2026 में जडेजा ही राजस्थान रॉयल्स के नए कप्तान बन सकते हैं। हालांकि फ्रेंचाइजी की ओर से अब तक कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।
कप्तानी की रेस में कौन-कौन?
संजू सैमसन की कप्तानी में राजस्थान ने आईपीएल 2025 खेला था। उस सीजन में रियान पराग को उपकप्तान बनाया गया था और संजू के अनफिट रहने पर कुछ मैचों में रियान ने टीम की कप्तानी भी की थी। ऐसे में रियान पराग कप्तानी की रेस में मजबूत दावेदार माने जा रहे हैं। इसके अलावा ध्रुव जुरेल और यशस्वी जायसवाल जैसे युवा खिलाड़ी भी भविष्य के कप्तान के तौर पर देखे जा रहे हैं। अगर अनुभव की बात करें तो रविंद्र जडेजा बाकी खिलाड़ियों से काफी आगे हैं। वह भारतीय टीम के सीनियर खिलाड़ी हैं और आईपीएल में कई सालों का अनुभव रखते हैं। बड़े मुकाबलों में दबाव संभालने की क्षमता जडेजा की सबसे बड़ी ताकत मानी जाती है, जो किसी भी कप्तान के लिए बेहद जरूरी होती है।
राजस्थान रॉयल्स से पुराना रिश्ता
रविंद्र जडेजा का राजस्थान रॉयल्स से पुराना नाता रहा है। 2008 में जब राजस्थान रॉयल्स ने पहला आईपीएल खिताब जीता था, तब जडेजा इसी टीम का हिस्सा थे। 2009 में भी वह राजस्थान के लिए खेले। इसके बाद 2012 में वह चेन्नई सुपर किंग्स से जुड़े और वहां टीम के अहम खिलाड़ी बने रहे।





