नई दिल्ली, रफ्तार। टी-20 वर्ल्ड कप 2024 के लिए भारतीय स्क्वाड में शामिल नहीं किए जाने पर राजस्थान रॉयल्स के युवा ऑलराउंडर खिलाड़ी रियान पराग ने प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि उन्हें स्क्वाड में शामिल नहीं किए जाने का मलाल नहीं है। वह इस बात से खुश हैं कि उनका नाम वर्ल्ड कप के लिए लिया जा रहा था। वह संजू सैमसन, यशस्वी जायसवाल, युजवेंद्र चहल के चयन से बेहद खुश हैं।
इस आईपीएल में रियान का शानदार प्रदर्शन
बता दें, रियान ने इस आईपीएल में शानदार प्रदर्शन किया है। वह कई धुआंधार पारियां खेल चुके हैं। उन्होंने अपनी टीम राजस्थान रॉयल्स को कई मैच जिताए हैं। उन्होंने अब तक 10 मैचों में 409 रन जड़े हैं। इस दौरान चार अर्धशतक लगाए हैं। उनका बेस्ट स्कोर नाबाद 84 रन रहा है। सबसे अधिक रन बनाने वाले बल्लेबाजों की लिस्ट में वह चौथे पायदान पर हैं।
पिछले साल तक मैं IPL में भी खेलने का दावेदार नहीं था
रियान के बेहतरीन प्रदर्शन के कारण माना जा रहा था कि उनका चयन टी-20 वर्ल्ड कप टीम में होगा। सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ मैच के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान रियान ने कहा पिछले साल तक मैं आईपीएल में भी खेलने का दावेदार नहीं था। अब मैंने कुछ अफवाह सुनी है। मैं सोशल मीडिया पर नहीं हूं, लेकिन मैंने कई बार अपना नाम सुना और मुझे खुशी है कि लोग सही चीज के लिए मेरा नाम ले रहे हैं।
वसीम जाफर ने कही थी पराग के चयन की बात
उन्होंने आगे कहा कि राजस्थान रॉयल्स से जिन खिलाड़ियों का चयन हुआ है, उनके लिए काफी ज्यादा खुशी हो रही। उम्मीद है कि टीम इंडिया वर्ल्ड कप ट्रॉफी लेकर आएगी। गौरतलब है कि पूर्व भारतीय क्रिकेटर वसीम जाफर ने रियान को टी-20 वर्ल्ड कप टीम में चयन किए जाने की बात कही थी। उन्होंने रियान की निरंतरता की तारीफ की थी।
अन्य खबरों के लिए क्लिक करें:- www.raftaar.in




