अहमदाबाद, 30 अप्रैल (आईएएनएस)। कप्तान लोकेश राहुल (नाबाद 91) की शानदार पारी के बाद हरप्रीत बरार की बेहतरीन गेंदबाजी की बदौलत पंजाब किंग्स ने शुक्रवार को यहां नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए आईपीएल के 14वें सीजन के 26वें मैच में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर को 34 रनों से हरा दिया। पंजाब ने टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए पांच विकेट पर 179 रनों का स्कोर बनाया और फिर उसने बेंगलोर को निर्धारित 20 ओवरों में 8 विकेट पर 145 रनों पर रोक दिया। पंजाब की सात मैचों में यह तीसरी जीत है और टीम अब छह अंकों के साथ तालिका में पांचवें नंबर पर पहुंच गई है। बेंगलोर को सात मैचों में दूसरी हार का सामना करना पड़ा है और टीम 10 अंकों के साथ तीसरे नंबर पर कायम है। बेंगलोर के लिए कप्तान विराट कोहली ने 35 और रजत पाटीदार ने 31 रन बनाए। हर्षल पटेल ने 31 रन बनाए। पंजाब के लिए हरप्रीत बराड़ ने चार ओवर में 19 रन देकर तीन विकेट चटकाए। उनके अलावा रवि बिश्नोई ने दो और रायली मेरेडिथ, क्रिस जॉर्डन तथा मोहम्मद शमी ने एक-एक विकेट अपने नाम किए। –आईएएनएस ईजेडए/एसजीके




