नई दिल्ली / रफ्तार डेस्क । रोहित, विराट और आर अश्विन के बाद अब भारत के एक और अनुभवी स्पिनर अमित मिश्रा ने भी क्रिकेट के सभी फॉर्मेट्स से रिटायरमेंट का ऐलान कर दिया है। आज गुरुवार को उन्होंने आधिकारिक प्रेस रिलीज जारी कर अपने फैसले की जानकारी दी। 25 वर्षों तक प्रोफेशनल क्रिकेट में सक्रिय रहने वाले अमित मिश्रा अब ना तो इंटरनेशनल क्रिकेट में, ना ही आईपीएल या घरेलू क्रिकेट में नजर आएंगे। हालांकि, नियमों के अनुसार अब वे चाहें तो दुनियाभर की फ्रेंचाइजी टी20 लीगों में खेल सकते हैं। अपने रिटायरमेंट की वजह बताते हुए अमित मिश्रा ने एक बेहद प्रेरणादायक बात कही।
अमित मिश्रा ने कहा कि यह निर्णय उन्होंने दो कारणों से लिया। पहला, लगातार लगने वाली चोटों से जूझना और दूसरा, उनका यह विश्वास कि अब युवाओं को बड़े मंच पर मौका मिलना चाहिए। अमित मिश्रा लंबे समय तक भारतीय टीम के सबसे स्थिर और भरोसेमंद लेग स्पिनर्स में से एक रहे। उन्होंने टेस्ट, वनडे और टी20 सभी प्रारूपों में भारत का प्रतिनिधित्व किया और कई अहम मौकों पर टीम को सफलता दिलाई।
अमित मिश्रा का क्रिकेट करियर
भारतीय क्रिकेट में अमित मिश्रा का करियर काफी अच्छा रहा है। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत 2003 में इंटरनेशनल डेब्यू से की थी और आखिरी बार 2017 में खेला था। इसके बाद वे घरेलू क्रिकेट और आईपीएल में लगातार सक्रिय रहे, जहां उन्होंने अपनी गेंदबाजी से कई मैचों में निर्णायक भूमिका निभाई।
अमित मिश्रा ने भारत के लिए 22 टेस्ट, 36 वनडे और 10 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले, जिसमें उन्होंने क्रमशः 76, 64 और 16 विकेट चटकाए। इंडियन प्रीमियर लीग में उनका प्रदर्शन बेहद प्रभावशाली रहा, जहां उन्होंने 174 विकेट अपने नाम किए और खुद को लीग के सबसे सफल स्पिनरों में शुमार कराया। इसके अलावा, उनके पास 152 फर्स्ट क्लास और 152 लिस्ट ए मुकाबलों का अनुभव है, साथ ही वे 259 टी20 मैच भी खेल चुके हैं। अपने पूरे करियर के दौरान अमित मिश्रा ने सधी हुई लेग स्पिन और मैच के हालात को पढ़ने की गहरी समझ से भारत को कई मुकाबलों में जीत दिलाई। उनका आईपीएल में काफी अच्छा प्रदर्शन रहा। अब उन्होंने युवाओं के लिए एक प्रेरणा बनकर क्रिकेट को अलविदा कह दिया है।
“क्रिकेट ने जो दिया, वो जिंदगी भर का साथ बन गया”- अमित मिश्रा
अपने संन्यास की घोषणा करते हुए अमित मिश्रा ने एक भावुक बयान में कहा कि क्रिकेट में बिताए उनके 25 साल बेहद यादगार रहे हैं। उन्होंने भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI), प्रशासन, हरियाणा क्रिकेट संघ, सहयोगी स्टाफ, अपने साथियों और परिवार के सदस्यों के प्रति गहरी कृतज्ञता व्यक्त की, जो इस पूरे सफर में उनके साथ रहे। उन्होंने लिखा, “मैं उन सभी प्रशंसकों का दिल से धन्यवाद करता हूं, जिनके प्यार और समर्थन ने, जब भी और जहां भी मैंने खेला, इस सफर को खास बना दिया।”
अमित मिश्रा ने यह भी कहा कि क्रिकेट ने उन्हें अनगिनत यादें और अमूल्य जीवन शिक्षाएं दी हैं और मैदान पर बिताया गया हर एक पल अब एक ऐसी कीमती याद बन गया है, जिसे वह जीवन भर संजोकर रखेंगे। उन्होंने यह संकेत भी दिया कि भले ही उन्होंने सक्रिय खेल से विदाई ले ली हो, लेकिन उनका जुड़ाव क्रिकेट से बना रहेगा। अमित मिश्रा ने कहा कि भविष्य में वे कोचिंग, कमेंट्री या युवा खिलाड़ियों के मार्गदर्शन के जरिए खेल में योगदान देते रहना चाहते हैं।





