नई दिल्ली/रफ्तार डेस्क। न्यूजीलैंड के खिलाफ 3 टेस्ट मैचों की सीरीज हारकर आ रही टीम इंडिया के लिए बाउंसबैक करने का मौका है। आज 8 नवंबर से साउथ अफ्रीका के खिलाफ 4 टी20 मैचों की सीरीज का पहला मैच खेला जाएगा। जबकि दूसरा मैच 10 नवंबर को गेकेबरहा में, 13 नवंबर को सेंचुरियन में और 15 नवंबर को जोहान्सबर्ग में आखिरी मुकाबला खेला जाएगा। टीम इंडिया सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में खेलती हुई नजर आएगी। टीम इंडिया साउथ अफ्रीका में पिछले 5 सीरीज जीतने में सफल रही है।
कब और कहां देख सकते हैं मुकाबला
साउथ अफ्रीका के खिलाफ सीरीज का पहला मुकाबला किंग्समीड के मैदान पर खेला जाएगा। दोनों टीमों के बीच पहला मैच का टॉस भारतीय समय के अनुसार 8 बजे होगा जबकि आधे घंटे बाद साढे़ आठ बजे से मैच शुरु होगा। टीम इंडिया के फैंस के बीच में इस बात की चर्चा चल रही है कि इस मैच को कहां देख पाएंगे। सीरीज के सारे मैच स्पोर्ट्स 18 (Sports 18) पर देख पाएंगे जबकि जो कामकाजी लोग दफ्तर जाते हैं वह भी जियो सिनेमा (Jio Cinema) पर लाइव टेलीकास्ट का लुत्फ उठा सकते हैं।
साउथ अफ्रीका के खिलाफ पिछली 5 सीरीज भारत नही हारी
साउथ अफ्रीका में जाकर भारतीय टीम पिछली 5 सीरीज नहीं हारी है। पिछली खेली गई 5 टी20 सीरीज में 2 सीरीज भारत के नाम रही हैं जबकि 3 सीरीज ड्रा पर खत्म हुई हैं। दोनों टीमों के बीच 9 सीरीज खेली गई हैं जिसमें से 3 ड्रा रही हैं जबकि 4 भारत के नाम और 2 साउथ अफ्रीका के नाम रही हैं।
साउथ अफ्रीकी दौरे के लिए टीम इंडिया का स्कवॉड
भारतीय टीम: सूर्यकुमार यादव (कप्तान), अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन (विकेटकीपर), रिंकू सिंह, तिलक वर्मा, जितेश शर्मा (विकेटकीपर), हार्दिक पंड्या, अक्षर पटेल, रमनदीप सिंह, वरुण चक्रवर्ती, रवि बिश्नोई, अर्शदीप सिंह, विजयकुमार वैशाक, आवेश खान और यश दयाल।





