नई दिल्ली,रफ्तार डेस्क। भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच वनडे सीरीज रोमांचक मोड़ पर पहुंच चुकी है। पहले वनडे में टीम इंडिया को 7 विकेट से हार का सामना करना पड़ा, अब नजरें एडिलेड में खेले जाने वाले दूसरे वनडे मुकाबले पर हैं। भारतीय कप्तान शुभमन गिल के सामने अब सीरीज बराबर करने की बड़ी चुनौती होगी।
पहले वनडे में भारत की करारी हार
पर्थ में खेले गए पहले वनडे में भारतीय बल्लेबाज पूरी तरह फ्लॉप रहे। बारिश से प्रभावित मुकाबले में टीम इंडिया 50 ओवर भी नहीं खेल पाई और सिर्फ 26 ओवर में 9 विकेट खोकर 136 रन ही बना सकी। ऑस्ट्रेलिया ने यह लक्ष्य 21.1 ओवर में 3 विकेट खोकर हासिल कर लिया।दिलचस्प बात यह रही कि दोनों टीमों का कोई भी बल्लेबाज अर्धशतक नहीं लगा पाया। ऑस्ट्रेलिया के कप्तान मिचेल मार्श ने सबसे बड़ी 46 रनों की पारी खेलकर टीम को जीत दिलाई।
दूसरा वनडे कब और कहां होगा?
अब बारी दूसरे मुकाबले की है। भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच दूसरा वनडे 23 अक्टूबर, गुरुवार को एडिलेड में खेला जाएगा। दोनों टीमों को तीन दिन का आराम और तैयारी का मौका मिला है। टॉस सुबह 8:30 बजे भारतीय समय अनुसार होगा और पहली गेंद सुबह 9:00 बजे से फेंकी जाएगी। एडिलेड की पिच बल्लेबाजों के लिए अनुकूल मानी जाती है, इसलिए इस मैच में रन बरसने की उम्मीद है। शुभमन गिल बतौर वनडे कप्तान अब तक जीत दर्ज नहीं कर पाए हैं। एडिलेड में वे अपने पहले कप्तानी जीत की तलाश में उतरेंगे। टीम इंडिया के लिए जरूरी होगा कि वरिष्ठ खिलाड़ी रोहित शर्मा और विराट कोहली बड़ी पारी खेलें और मिडिल ऑर्डर जिम्मेदारी निभाए।
भारत की संभावित प्लेइंग XI
रोहित शर्मा, शुभमन गिल (कप्तान), विराट कोहली, श्रेयस अय्यर, यशस्वी जायसवाल, केएल राहुल (विकेटकीपर), अक्षर पटेल, कुलदीप यादव, अर्शदीप सिंह, मोहम्मद सिराज, वाशिंगटन सुंदर, नीतीश कुमार रेड्डी, ध्रुव जुरेल, प्रसिद्ध कृष्णा, हर्षित राणा।
ऑस्ट्रेलिया की टीम
ट्रेविस हेड, मिचेल मार्श (कप्तान), मार्नस लाबुशेन, मैथ्यू शॉर्ट, मैट रेनशॉ, मिचेल ओवेन, जोश फिलिप (विकेटकीपर), कूपर कोनोली, मिशेल स्टार्क, जेवियर बार्टलेट, जोश हेजलवुड, नाथन एलिस, मैथ्यू कुहनेमन।




