नई दिल्ली,रफ्तार डेस्क । जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव और भी बढ़ता जा रहा है। हमले के बाद भारत सरकार ने पाकिस्तान के खिलाफ कड़ा रुख अपनाया है। पाकिस्तान के कई यूट्यूब चैनलों को भारत में बैन दिया है। इसी के साथ, पाकिस्तान के एक और खिलाड़ी पर भारत सरकार ने बड़ी कार्रवाई की है। ओलंपिक गोल्ड मेडलिस्ट जैवलिन थ्रोअर अरशद नदीम का इंस्टाग्राम अकाउंट भी भारत में ब्लॉक कर दिया गया है।
भारत की लगातार कार्रवाई जारी
अब इस स्थिति में भारत में नदीम का इंस्टाग्राम अकाउंट खोलने पर “भारत में यह अकाउंट उपलब्ध नहीं है, कानूनी अनुरोध के बाद यह फैसला लिया गया” इस तरह से बता रहा है। हाल ही में पहलगाम आतंकी हमले के बाद पाकिस्तान के खिलाफ भारत सरकार लगातार कड़ी कार्रवाई कर रही है। सरकार ने उन पाकिस्तानी सोशल मीडिया अकाउंट को बंद कर दिया है जिनके भारत में बड़ी संख्या में फॉलोअर्स हैं।
भ्रामक और झूठी सूचना फैलाने का आरोप
इस हफ्ते की शुरुआत में ही भारत सरकार ने पाकिस्तानी यूट्यूब चैनलों पर बड़ा एक्शन लिया था। इस दौरान कई पाकिस्तानी यूट्यूब चैनलों को भी भारत में बैन कर दिया था। उन पर आरोप था कि वह भारत, उसकी सेना और सुरक्षा एजेंसियों के विरुद्ध भड़काऊ, झूठे और भ्रामक सूचनाओं का प्रसारण कर रहे थे। इस वजह से उन चैनलों को भारत में प्रतिबंध लगा दिया है।
अरशद को बुलाने पर नीरज चोपड़ा को किया गया था ट्रोल
पहलगाम आतंकी हमले का जख्म अभी भरा भी नहीं है। पाकिस्तान के खिलाफ भारत सरकार अपनी कार्रवाई को लेकर तैयारियां कर रही है। इसी बीच, एथलीट नीरज चोपड़ा सोशल मीडिया पर पाकिस्तानी एथलीट अरशद नदीम को भारत बुलाने के न्यौते के बाद खूब ट्रोल हो रहे थे। जिसके बाद उन्होंने सफाई दी और कहा है कि मेरी ईमानदारी पर सवाल उठते देखना दुखद है। हालांकि अब उन्होंने निमंत्रण वापस ले लिया है।




