नई दिल्ली,रफ्तार डेस्क। रविवार को दुबई में भारत और न्यूजीलैंड के बीच चैंपियंस ट्रॉफी 2025 का फाइनल मुकाबला खेला जाएगा। इस महामुकाबले को लेकर क्रिकेट फैंस बेहद उत्साहित हैं। हर कोई यह जानना चाहता है कि कौन सी टीम ट्रॉफी उठाएगी।
जब चैटबॉट्स से पूछा गया सवाल
इस सवाल को लेकर OpenAI के ChatGPT, Google Gemini और Copilot से पूछा गया कि फाइनल मुकाबले में भारत और न्यूजीलैंड में से कौन जीतेगा? तीनों चैटबॉट्स ने अपने विश्लेषण के आधार पर जवाब दिए और सभी ने भारत के जीतने की संभावना जताई। हालांकि, उन्होंने न्यूजीलैंड को भी एक मजबूत टीम बताया।
Gemini: जीत का अनुमान लगाना मुश्किल
Google Gemini ने कहा कि फाइनल में किसी भी टीम का जीतना तय नहीं है, क्योंकि दोनों ही टीमें बहुत मजबूत हैं। हालांकि, उसने भारतीय टीम को थोड़ी मजबूत बताते हुए कहा कि उनके पास रोहित शर्मा, विराट कोहली और केएल राहुल जैसे बड़े बल्लेबाज हैं। अगर भारतीय गेंदबाज अनुशासित गेंदबाजी करते हैं, तो टीम जीत सकती है।
ChatGPT: भारत के जीतने की संभावना ज्यादा
ChatGPT ने कहा कि भारतीय टीम के पास दुबई में खेलने का अच्छा अनुभव है और वह यहां पहले भी न्यूजीलैंड को हरा चुकी है। विराट कोहली और श्रेयस अय्यर जैसे खिलाड़ी इस मैच में अहम भूमिका निभा सकते हैं। उसने न्यूजीलैंड को भी कम नहीं आंका और कहा कि कीवी टीम का फाइनल्स में पहुंचने का अच्छा रिकॉर्ड रहा है। केन विलियमसन और रचिन रविंद्र जैसे खिलाड़ी भारत के लिए चुनौती बन सकते हैं।
Copilot: भारत की जीत के अधिक मौके
Copilot ने भी भारत की जीत की संभावना जताई। उसके अनुसार, भारतीय टीम का प्रदर्शन लगातार अच्छा रहा है और इसमें वर्ल्ड-क्लास बल्लेबाज विराट कोहली और शुभमन गिल जैसे खिलाड़ी हैं। वहीं, मोहम्मद शमी के नेतृत्व में भारतीय गेंदबाजी आक्रमण भी मजबूत दिख रहा है। उसने कहा कि न्यूजीलैंड एक संतुलित टीम है, लेकिन भारत के खिलाफ खासकर एशियाई परिस्थितियों में उसे संघर्ष करना पड़ा है। चैटबॉट्स के अनुसार, भारत की जीत की संभावना ज्यादा है, लेकिन न्यूजीलैंड को हल्के में लेना सही नहीं होगा। क्रिकेट अनिश्चितताओं का खेल है और न्यूजीलैंड पहले भी फाइनल मुकाबलों में चौंकाने वाले प्रदर्शन कर चुका है। अब देखना होगा कि रविवार को दुबई में कौन सी टीम इतिहास रचती है।





