नई दिल्ली/रफ्तार डेस्क। चैंपियंस ट्रॉफी 2025 के फाइनल में पहुंचने वाली टीम इंडिया पहली टीम बन गई है। टीम इंडिया ने पहले सेमीफाइनल में ऑस्ट्रेलिया को 4 विकेट से हराया है। टूर्नामेंट के खिताबी मुकाबले में भारत का मुकाबला अब साउथ अफ्रीका और न्यूजीलैंड में से किसी एक टीम से होगा। दूसरा सेमीफाइनल मैच यानी SA vs NZ आज लाहौर के गद्दाफी स्टेडियम में खेला जाना है। इस मुकाबले में जो टीम जीतेगी उसका Champions Trophy Title के लिए 9 मार्च को भारत से मुकाबला होगा।
क्या साल 2000 की हार का बदला ले पाएगी टीम इंडिया
अगर न्यूजीलैंड की टीम साउथ अफ्रीका को शिकस्त देकर खिताबी मुकाबले में जगह बनाती है, तो 25 साल बाद ऐसा होगा जब चैंपियंस ट्रॉफी का फाइनल भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेला जाएगा। बता दें कि चैंपियंस ट्रॉफी इतिहास में फाइनल में भारत और न्यूजीलैंड की सिर्फ एक ही भिड़ंत हुई है। इन दोनों टीमों के बीच साल 2000 में चैंपियंस ट्रॉफी का फाइनल खेला गया था। उस मैच में न्यूजीलैंड ने भारत को हराकर खिताब अपने नाम किया था। उस समय टीम इंडिया के कप्तान सौरव गांगुली थे, जबकि न्यूजीलैंड की कमान स्टीफन फ्लेमिंग के पास थी। रोहित ब्रिगेड अब न्यूजीलैंड के हाथों चैंपियंस ट्रॉफी में मिली हार का बदलना लेने की फिराक में होगी।
भारत -न्यूजीलैंड के बीच खेले गए मैचों का रिकॉर्ड
भारत और न्यूजीलैंड ने आपस में कुल 118 वनडे मैच खेले हैं। भारत का इस दौरान पलड़ा भारी रहा है। भारत ने जहां 60 मैचों में जीत दर्ज की तो न्यूजीलैंड ने 50 मुकाबलों में बाजी मारी। सात वनडे का कोई नतीजा नहीं निकला और एक मैच टाई रहा। रोहित ब्रिगेड ने चैम्पियंस ट्रॉफी के लीग मैच में कीवियों को चार विकेट और सेमीफाइनल में 70 रनों से रौंदा था।
भारत और न्यूजीलैंड की टीमें 27 साल बाद यूएई की सरजमीं पर
चैंपियंस ट्रॉफी 2025 की मेजबानी पाकिस्तान कर रहा है। लेकिन भारत हाइब्रिड मॉडल के तहत अपने सभी मैच संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के दुबई में खेल रहा है। ऐसे में भारत और न्यूजीलैंड की टीमें 27 साल बाद यूएई की सरजमीं पर वनडे में टकराई हैं। दोनों टीमों ने 1986 और 1998 के बीच यूएई में पांच वनडे मैच खेले, जिनमें से भारत ने चार और न्यूजीलैंड ने सिर्फ एक जीता था।





