नई दिल्ली,रफ्तार डेस्क। आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सुपर-8 मुकाबले में आज भारत और जिम्बाब्वे आमने-सामने होंगे। यह मैच चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम (चेपॉक) में खेला जाएगा। दोनों टीमों के लिए यह मुकाबला करो या मरो जैसा है, क्योंकि हारने वाली टीम का टूर्नामेंट से बाहर होना तय माना जा रहा है।
कैसी है चेपॉक की पिच?
चेन्नई की पिच आमतौर पर धीमी मानी जाती है और स्पिन गेंदबाजों को मदद मिलती है। लेकिन इस मैच के लिए नई पिच तैयार की गई है, जिस पर अभी तक कोई मुकाबला नहीं खेला गया है। नई पिच पर अच्छा बाउंस मिलने की उम्मीद है, जिससे बल्लेबाज खुलकर शॉट खेल सकते हैं। यहां औसत स्कोर 180 से 190 रन के आसपास रह सकता है।
भारत के लिए बड़ी जीत जरूरी
टीम इंडिया के लिए सिर्फ जीत काफी नहीं होगी। सेमीफाइनल की उम्मीद बनाए रखने के लिए भारत को जिम्बाब्वे के खिलाफ बड़े अंतर से जीत दर्ज करनी होगी, ताकि नेट रन रेट बेहतर हो सके। भारतीय टीम के मुख्य कोच गौतम गंभीर चेन्नई पहुंचकर रणनीति बनाने में जुट गए हैं। उन्होंने कप्तान सूर्यकुमार यादव के साथ टीम मीटिंग की और खिलाड़ियों से खास बातचीत की। प्रैक्टिस सेशन के दौरान गंभीर ने अभिषेक शर्मा, तिलक वर्मा और ईशान किशन के साथ लंबा समय बिताया। ओपनर अभिषेक शर्मा का बल्ला इस टूर्नामेंट में अब तक शांत रहा है। लगातार तीन मैचों में शून्य पर आउट होने के बाद उन्होंने पिछले मैच में 15 रन बनाए थे। टीम मैनेजमेंट को उम्मीद है कि वह जल्द फॉर्म में लौटेंगे।
प्लेइंग इलेवन में हो सकता है बदलाव
जिम्बाब्वे के खिलाफ मुकाबले में अक्षर पटेल की वापसी हो सकती है। उन्हें वॉशिंगटन सुंदर की जगह टीम में मौका मिलने की संभावना है। भारत को सेमीफाइनल में पहुंचने के लिए जिम्बाब्वे को बड़े अंतर से हराना होगा इसके बाद वेस्ट इंडीज के खिलाफ भी जीत जरूरी होगी भारत को मैच कम से कम 100 रन से जीतना या लक्ष्य को 10–12 ओवर में हासिल करना फायदेमंद रहेगा।
हेड टू हेड रिकॉर्ड
भारत और जिम्बाब्वे के बीच अब तक 13 टी20 मैच खेले गए हैं। भारत ने 10 मैच जीते जिम्बाब्वे ने 3 मुकाबले अपने नाम किए आंकड़ों में भारत का पलड़ा भारी है, लेकिन इस वर्ल्ड कप में जिम्बाब्वे ने शानदार प्रदर्शन किया है।





