नई दिल्ली/रफ्तार डेस्क। बेगंलुरु के चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेले जा रहे भारत-न्यूजीलैंड मुकाबले में भारत ने दूसरी पारी में वापसी की है। भारत की ओर से सरफराज खान ने पहली इंटरनेशनल टेस्ट सेंचुरी लगाई और अभी भी क्रीज पर मौजूद हैं। लंच तक भारत का स्कोर 3 विकेट के नुकसान पर 344 रन है।
सरफराज खान ने जड़ा पहला इंटरनेशनल टेस्ट शतक
पहली पारी में मात्र 46 रन पर ऑल आउट होने के बाद भारत के ऊपर दूसरी पारी में शानदार बल्लेबाजी करने का दबाव था। भारत जैसे ही न्यूजीलैंड के 402 रनों का पीछा करके टारगेट देने उतरा तो भारतीय बल्लेबाजों ने शानदार प्रदर्शन किया। टीम इंडिया की ओर से स्टार बल्लेबाज सरफराज खान (Sarfaraz Khan) रहे जिन्होंने 110 गेंदो में अपना पहला इंटरनेशनल टेस्ट शतक जमा दिया और अभी भी 125 रन के स्कोर पर नाबाद हैं। सरफराज के अलावा ओपनिंग करने आए कप्तान रोहित शर्मा (Rohit Sharma) ने भी 52 रनों का योगदान दिया और यशस्वी जायसवाल ने भी 35 रन बनाए। वन डाउन आए विराट कोहली ने भी 8 चौके और 1 छक्के की मदद से 70 रन बनाए। ऋषभ पंत (Rishabh Pant) भी 53 रन बनाकर क्रीज पर विस्फोटक अंदाज में खेल रहे हैं।
पहली पारी में केवल 46 रन बना सका था भारत
रोहित शर्मा ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला लिया था जिसे बाद में उन्होंने अपनी गलती माना। रोहित शर्मा और यशस्वी जायसवाल पहली पारी में संघंर्ष करते हुए दिखाई दिए। भारत ने शुरुआती 4 ओवर में केवल एक बनाया था जबकि 10 रन पर भारत ने 3 विकेट खो दिए। 2 रन के निजी स्कोर पर रोहित शर्मा टिम साउथी की अंदर आती हुई गेंद पर क्लीन बोल्ड हो गए। इसके बाद विराट कोहली भी जीरो पर विल ओ रुर्क का शिकार बन गए। शुभमन गिल की जगह खेल रहे सरफराज खान भी मैट हैनरी की गेंद पर जीरो पर आउट हो गए। इसके बाद बारिश के कारण कुछ देर खेल को रोका गया था और इस समय भारत का स्कोर 3 विकेट के नुकसान पर 10 रन था। इसके बाद ऋषभ पंत भी 20 रन बनाकर आउट हो गए। पहली पारी के खत्म होने तक भारत केवल 46 रन बना पाया। हालांकि दूसरी पारी में भारत कड़ी टक्कर देता हुआ दिखाई दे रहा है।




