नई दिल्ली / रफ्तार डेस्क । भारतीय क्रिकेट टीम 20 जून से इंग्लैंड के खिलाफ पांच टेस्ट मैचों की अहम सीरीज का आगाज करने जा रही है, जो नए वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) चक्र की भी शुरुआत होगी। इस श्रृंखला में सबकी निगाहें टीम इंडिया के होनहार युवा बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल पर होंगी, जो एक बड़ी उपलब्धि हासिल करने के बेहद करीब हैं।
2023 में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में कदम रखने वाले जायसवाल ने बहुत ही कम समय में खुद को साबित किया है। उनकी तकनीक, धैर्य और आक्रामकता का संतुलन उन्हें मौजूदा समय के सबसे प्रतिभाशाली युवा खिलाड़ियों में शामिल करता है। अब देखना दिलचस्प होगा कि क्या यशस्वी इस सुनहरे मौके का फायदा उठाकर खुद को भारतीय क्रिकेट के इतिहास में एक नई ऊंचाई पर पहुंचा पाएंगे।
इतिहास रचने की दहलीज पर यशस्वी जायसवाल
टीम इंडिया के उभरते सितारे यशस्वी जायसवाल इंग्लैंड के खिलाफ आगामी टेस्ट सीरीज में एक ऐतिहासिक कीर्तिमान के बेहद करीब हैं। यह बाएं हाथ का बल्लेबाज टेस्ट क्रिकेट में सबसे तेज़ 2000 रन बनाने वाले भारतीय खिलाड़ी बन सकता है। अब तक 19 टेस्ट मैचों की 36 पारियों में उन्होंने 1798 रन बनाए हैं, औसत 52.88 का है और उनके नाम चार शतक और दस अर्धशतक दर्ज हैं।
अगर जायसवाल अगली तीन पारियों में 2000 रन पूरे कर लेते हैं, तो वह राहुल द्रविड़ और वीरेंद्र सहवाग को पीछे छोड़ देंगे, जिन्होंने यह आंकड़ा 40 पारियों में छुआ था। ऐसे में इंग्लैंड दौरा यशस्वी के लिए न केवल एक चुनौती, बल्कि सुनहरा अवसर भी है। हालांकि, इंग्लैंड की स्विंग और सीम मूवमेंट वाली पिचों पर ओपनिंग करना किसी अग्निपरीक्षा से कम नहीं होगा। इंग्लैंड लायंस के खिलाफ अभ्यास मैचों में जायसवाल ने चार पारियों में सिर्फ एक अर्धशतक लगाया है, जिससे उनकी तैयारी को लेकर कुछ सवाल भी उठे हैं। लेकिन हाल ही में समाप्त हुई बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी 2024-25 में यशस्वी का बल्ला जमकर बोला था। उन्होंने 391 रन बनाए, औसत रहा 43.44 का, जिसमें एक शतक और दो अर्धशतक शामिल थे। ऐसे में फैंस को उम्मीद है कि वे इंग्लैंड में भी अपनी फॉर्म को बरकरार रखेंगे।
इंग्लैंड दौरे के लिए भारत की 18 सदस्यीय टेस्ट टीम :-
कप्तान : शुभमन गिल
उप-कप्तान और विकेटकीपर : ऋषभ पंत
बल्लेबाज : यशस्वी जायसवाल, केएल राहुल, साई सुदर्शन, नीतीश कुमार रेड्डी, अभिमन्यु ईश्वरन, करुण नायर
ऑलराउंडर : रवींद्र जडेजा, वॉशिंगटन सुंदर
विकेटकीपर : ध्रुव जुरेल
गेंदबाज : जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद सिराज, शार्दुल ठाकुर, प्रसिद्ध कृष्णा, आकाश दीप, अर्शदीप सिंह, कुलदीप यादव
भारत vs इंग्लैंड टेस्ट सीरीज 2025 : मैचों की तारीखें और स्थान
पहला टेस्ट : 20-24 जून, 2025 – हेडिंग्ले, लीड्स
दूसरा टेस्ट : 2-6 जुलाई, 2025 – एजबेस्टन, बर्मिंघम
तीसरा टेस्ट : 10-14 जुलाई, 2025 – लॉर्ड्स, लंदन
चौथा टेस्ट : 23-27 जुलाई, 2025 – ओल्ड ट्रैफर्ड, मैनचेस्टर
पांचवां टेस्ट : 31 जुलाई-4 अगस्त, 2025 – द ओवल, लंदन





